रेलवे: अब टीटीई पर नजर रखने के लिए रेलवे कर रहा है ये काम, बिना टिकट यात्रियों को सीट बेच रहे थे टीटीई
Railway tte: रेलवे अब अपने टीटीई पर नजर रखने जा रहा है। शताब्दी तेजस सहित कई वीआईपी ट्रेनों में सीनियर अफसर ट्रेन में यात्रा करेंगे।
विस्तार
शताब्दी एक्सप्रेस में 21 बेटिकट यात्री मिलने के बाद रेलवे बोर्ड ने सख्त रवैया अख्तियार किया है। वीआईपी ट्रेन लखनऊ मेल, पुष्पक, एसी एक्सप्रेस, तेजस आदि में चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही अफसरों को ट्रेनों के निरीक्षण के दौरान टीटीई पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
दिल्ली से लखनऊ जंक्शन आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस की चेयरकार बोगी में 29 अक्तूबर को 21 बेटिकट यात्री मिलने की जांच उत्तर मध्य रेलवे करवा रहा है। खास बात यह है कि शताब्दी जैसी वीआईपी ट्रेनों में भी खाली सीटें बेचने से टीटीई बाज नहीं आ रहे हैं।
रेलवे बोर्ड के एक अफसर ने बताया कि उत्तर, उत्तर मध्य व पूर्वोत्तर रेलवे सहित सभी जोनों को निर्देश दिए गए हैं कि वीआईपी ट्रेनों का निरीक्षण करें। टिकट चेकिंग अभियान चलवाया जाए। यात्रियों से पूछताछ हो और फीडबैक भी लिया जाए। टीटीई बेटिकट, वेटिंग या जनरल टिकट वाले यात्रियों को रुपये लेकर सीटें तो नहीं दे रहे हैं। कोच अटेंडेंट व अन्य स्टाफ के व्यवहार की भी जांच हो।
दिल्ली से आ रही शताब्दी में मिले 21 बेटिकट यात्री
दिल्ली से लखनऊ जंक्शन आ रही शताब्दी एक्सप्रेस में 21 बेटिकट यात्री मिलने के मामले की जांच शुरू कर दी है है। साथ ही रेलवे बोर्ड ने यह हिदायत दी है कि वीआईपी ट्रेनों में अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर नजर रखी जाए।
मामला बीते 29 अक्तूबर का है। दीपावली पर लखनऊ आने वालों की भीड़ अधिक होने से ट्रेनों में लंबी वेटिंग थी। रेलवे अफसरों के अनुसार दिल्ली से लखनऊ आ रही शताब्दी एक्सप्रेस (12004) की 21 सीटों पर एक्सेस फेयर टिकट (ईएफटी) काटे बिना यात्रियों को सफर करवाया गया। आरोप है कि 21 यात्रियों से दो से तीन हजार रुपये तक प्रति सीट वसूले गए।
यह भी बताया जा रहा है कि ट्रेन के चेयरकार कोच सी-11, सी-12 और सी-13 की जांच की गई थी। जांच टीम को सी-11 कोच में 21 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले थे। ट्रेन के इटावा में रुकने पर बेटिकट यात्री उतरकर भागने लगे थे। मामले में शनिवार से जांच शुरू हुई है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बेटिकट यात्री मिले थे। जांच शुरू की गई है।