राहुल गांधी अमेठी दौरे पर, मंदिरों में पूजा-पाठ के अलावा रात्रि विश्राम तक ये है पूरा शेड्यूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी सोमवार को पहली बार दो दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रहे हैं। जिले के कांग्रेसी उनके दौरे को भव्य बनाने में जुटे हुए हैं। राहुल गांधी सलोन नगर पंचायत की बैठक में हिस्सा लेंगे के साथ कई नुक्कड़ सभा व कस्बों में पैदल मार्च कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। कस्बों के मंदिरों में दर्शन-पूजन भी करेंगे। राहुल के पैदल मार्च के दौरान उन पर फूलों की वर्षा कराने के साथ कांग्रेसियों ने स्वागत के कई इंतजाम किए हैं।
अमेठी सांसद राहुल गांधी सोमवार सुबह दस बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। लखनऊ से सड़क मार्ग से सलोन के सूची गांव पहुंचेंगे जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद राहुल दोपहर 12:30 बजे सलोन बाजार में नगर पंचायत की बैठक में हिस्सा लेंगे।
यहां से वे अठेहा होते हुए ककवा मार्ग से करीब चार बजे अमेठी पहुंचेंगे। अमेठी कस्बे में राहुल गांधी के भव्य स्वागत की तैयारियां हैं। कांग्रेसी घरों की छतों से राहुल पर फूलवर्षा कराने की भी योजना बनाए हैं।
अस्पताल के अतिथि गृह में करेंगे रात्रि विश्राम
इसके बाद राहुल मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल के अतिथि गृह पहुंच रात्रि विश्राम करेंगे। मंगलवार सुबह राहुल गेस्ट हाउस में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। वहां से करीब 11 बजे मुसाफिरखाना पहुंचेंगे जहां नगर में इनका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे गौरीगंज में डाकघर गली से राहुल गांधी पद यात्रा शुरू करेंगे जो हनुमान मंदिर पर समाप्त होगी। राहुल पद यात्रा कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के साथ ही हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
चौक इलाके की व्यस्ततम गलियों के मकानों की छतों से राहुल पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राहुल जायस जाएंगे जहां वे एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। जायस से राहुल जगदीशपुर फिर वहां से मोहनगंज जाएंगे। देर शाम लखनऊ पहुंचकर राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।