काशी में राहुल का शक्ति-प्रदर्शन, उमड़ी भारी भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राहुल गांधी का कारवां करीब 12.15 पर लंका के बीएचयू गेट पर पहुंचा।
लाखों समर्थकों के बीच राहुल गांधी अपनी कार से उतरे और वहां स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
समर्थकों में इतना उत्साह था कि वे जोर-जोर से नारेबाजी कर शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे।
बताते चलें कि इससे पहले नरेंद्र मोदी ने भी इस मूर्ति पर माल्यार्पण किया था, जिस पर काफी बवाल हो गया था और सपा कार्यकर्ताओं ने मूर्ति को गंगाजल से धोया था।
बढ़ती ही जा रही है भीड़
प्रचार के आखिरी दिन इस रोड शो के लिए कांग्रेस ने कितनी मेहनत की होगी, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि रोड शो में लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है।
पहले यह खबर थी कि उनका यह रोड शो सोनारपुरा तक ही जाएगा लेकिन फिर इसे लंका तक पूरा किया गया।
नगमा और राजबब्बर भी पूरे जोश के साथ कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इस रोड शो से राहुल ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि काशी में कांग्रेस लड़ाई से बाहर नहीं है।
उधर भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने इस रोड शो पर ऐतराज जताया है। कहा, जिस रास्ते पर मोदी को रैली करने से रोका गया, वहीं राहुल रोड शो कर रहे हैं, यह दुखद है।
प्रचार का है आखिरी दिन
मोदी की जीत की संभावनाओं को धूमिल करने के लिए राहुल गांधी ने अपने रोड शो की शुरुआत कर दी है। इसे कांग्रेस का भाजपा पर खुला हमला बताया जा रहा है।
16वीं लोकसभा के चुनाव के अंतिम चरण के लिए शनिवार शाम पांच बजे प्रचार बंद हो जाएगा। अंतिम दौर में पूर्वांचल की 18 सीटों के लिए 12 मई को मतदान होना है।
इसके बाद बस नतीजों का इंतजार रहेगा। 16 मई को ईवीए से प्रत्याशियों का भाग्य बाहर निकलेगा। लिहाजा दिग्गजों ने सूबे की 18 सीटों पर बाजी मारने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
गौरतलब है कि अमेठी में मतदान के एक दिन पहले नरेंद्र मोदी ने रैली की थी और कांग्रेस को हिलाकर रख दिया। अब ऐसी ही कोशिश राहुल की भी है।
लंका में BHU गेट पर खत्म होगा रोड शो
राहुल गांधी का रोड शो करीब 8.45 मिनट पर वाराणसी के पीलीकोठी के गोलगटा चौराहे से शुरू हुआ।
उनके रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा है, जो अजय राय और राहुल के नाम की नारेबाजी कर रहा है। राहुल का यह रोड शो विश्वेसरगंज, चेतनगंज, मदनपुर, सोनारपुर होते हुए लंका के बीएचयू गेट पर खत्म होगा।
राहुल के साथ कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय भी मौजूद हैं। राहुल गांधी का यह रोड शो 11 बजे तक खत्म होगा। रोड शो 11 किमी तक चलेगा।
मोदी, मुलायम की प्रतिष्ठा दांव पर
चुनावी महासमर के अंतिम दौर की अहमियत सपा सरकार को भी है, इसलिए शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी वाराणसी में रोड शो करने वाले हैं।
इस सीट की अहमियत इस बात से भी समझी जा सकती है कि जहां नरेंद्र मोदी ने खुद वाराणसी समेत आसपास की सीटों पर ताबड़तोड़ सभाएं कीं, वहीं सोनिया, राहुल, मुलायम, अखिलेश, मायावती समेत तमाम दिग्गज नेता भी पूर्वांचल को मथने में लगे रहे।
पूर्वांचल में राजनाथ सिंह ने भी सभाएं करके पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। वाराणसी व आजमगढ़ में सरगर्मियां कुछ ज्यादा ही हैं, क्योंकि नरेंद्र मोदी और मुलायम सिंह यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है।
वाराणसी में जहां पूरी भाजपा मोदी के पीछे खड़ी है वहीं आजमगढ़ में मुलायम सिंह यादव की जीत सुनिश्चित करने के लिए राम गोपाल यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव समेत उनके पूरे कुनबे ने डेरा डाल रखा है।