राहुल गांधी बोले, राफेल मुद्दे पर मुझसे डिबेट करने के बाद देश को अपना मुंह नहीं दिखा पाएंगे मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी के सलोन में जनसभा को संबोधित करने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारी सरकार आएगी तो राफेल मामले में जांच होगी जिसमें साफ निकलेगा कि चौकीदार ने चोरी की।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं नरेंद्र मोदी को चुनौती देता हूं कि वह रेस कोर्स में ही आ जाएं और मुझसे राफेल मुद्दे पर बहस कर लें। दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। मुझसे डिबेट करने के बाद नरेंद्र मोदी देश को अपना मुंह नहीं दिखा पाएंगे क्योंकि सामने आ जाएगा कि चौकीदार ने चोरी की। राहुल गांधी ने मीडिया के सामने भी युवाओं से 'चौकीदार चोर है' के नारे लगवाए।
राहुल गांधी ने सलोन में जनसभा को संबोधित किया और कहा कि मोदी सरकार ने अमेठी से सौतेला व्यवहार किया। यहां फूड पार्क बनने वाला था, उसे रोक दिया। हम अस्पताल बनाना चाहते थे उसे रोक दिया। रेलवे लाइन नहीं बनने दी। स्कूल नहीं बनने दिया।
उन्होंने कहा कि आज देश में पिछले 45 वर्षों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। ये मोदी सरकार की देन है। नरेंद्र मोदी ने देश की एयरफोर्स का पैसा और युवाओं का रोजगार छीनकर अनिल अंबानी को दे दिया और यहां आकर झूठ बोलते हैं।
राहुल गांधी बोले कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने पर सिर्फ अमेठी को न्याय ही नहीं मिलेगा बल्कि अमेठी, सलोन, तिलाई व रायबरेली की जनता की पूरी मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये मत भूलिए कि नरेंद्र मोदी यहां पांच साल पहले आए थे और दो करोड़ लोगों को हर साल नौकरियां देने का वादा किया था। 15 लाख रुपये देने का वादा किया था लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया।
इसके पहले, राहुल गांधी ने अमेठी के तिलोई में जनसभा को संबोधित करते हुए भीड़ से चौकीदार चोर है के नारे लगवाए जबकि उन्होंने सोमवार को ही सुप्रीम कोर्ट में अपने इस बयान पर खेद जाहिर किया था।
राहुल गांधी ने कहा कि 2014 में नारा हुआ करता था अच्छे दिन आएंगे लेकिन अब नारा है चौकीदार.. जिस पर जनता ने चोर है... जवाब दिया।
दो दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने तिलोई में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया लेकिन हम आपसे कोई झूठा वादा नहीं करते हैं। हम आपसे कहते हैं कि केंद्र में हमारी सरकार बनने के एक साल के अंदर ही हम खाली पड़े 22 लाख सरकारी पद भर देंगे।
उन्होंने कहा कि भारत की पंचायतों में लाखों युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है। कांग्रेस की सरकार केंद्र में आते ही युवाओं को रोजगार देने पर काम किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने सिर्फ हिंदुस्तान की जनता से चोरी नहीं की। सबसे ज्यादा चोरी चौकीदार ने अमेठी की जनता से की है। हमने पिछले पांच साल में जो भी अमेठी को दिया था उन्होंने वापस ले लिया।
राहुल गांधी ने तिलोई में कहा कि इस समय मीडिया के लोग डरे हुए हैं कि वह मन की बात करेंगे तो मोदी जी के लोग उन्हें डंडे मारेंगे लेकिन आप सब लोग सुन लीजिए कि 23 मई के बाद आपका जो दिल करे आप लिखना। आप हमारे खिलाफ भी लिखना।
#WATCH Rahul Gandhi in Amethi: Press wale has rahe hain kyunki inhone agar apne 'mann ki baat' kardi to inko do dande padenge, Narendra Modi ji maarenge........ghabraiye mat 2019 ke chunaav ke baad aapko jo likhna ho likhna, humare khilaaf bhi likhna hoga likh lena. pic.twitter.com/PxQOl7jTYB
— ANI UP (@ANINewsUP) April 22, 2019
गरीबों को हर साल 72 हजार रुपये देने से अर्थव्यवस्था को नहीं होगा नुकसान
इसके पहले बाराबंकी हैदरगढ़ में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले पांच साल में सिर्फ 15 लोगों का पांच लाख 55 हजार करोड़ रुपये का कर्जा माफ कर दिया लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।
केंद्र में हमारी सरकार के आने पर भारत के सबसे गरीब पांच करोड़ लोगों को हर साल 72 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिससे उनकी गरीबी दूर होगी और देश की अर्थव्यवस्था को कोई नुकसान भी नहीं होगा।
राहुल ने कहा कि मैं झूठा वादा नहीं करता। हम 15 लाख रुपये नहीं बल्कि हर साल 72 हजार रुपये गरीबों को देंगे।