मोदी के गढ़ बने वाराणसी में अखिलेश, राहुल का हल्ला बोल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोदी की जीत की संभावनाओं को धूमिल करने के लिए अखिलेश और राहुल आज रोड शो कर शक्तिप्रदर्शन करेंगे। इसे सपा, कांग्रेस का भाजपा पर खुला हमला बताया जा रहा है।
16वीं लोकसभा के चुनाव के अंतिम चरण के लिए शनिवार शाम पांच बजे प्रचार बंद हो जाएगा। अंतिम दौर में पूर्वांचल की 18 सीटों के लिए 12 मई को मतदान होना है।
इसके बाद बस नतीजों का इंतजार रहेगा। 16 मई को ईवीए से प्रत्याशियों का भाग्य बाहर निकलेगा। लिहाजा दिग्गजों ने सूबे की 18 सीटों पर बाजी मारने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
गौरतलब है कि अमेठी में मतदान के एक दिन पहले नरेंद्र मोदी ने रैली की थी और कांग्रेस को हिलाकर रख दिया। अब ऐसी ही कोशिश राहुल की भी है।
आज तो जमकर किया प्रचार
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के बहुत से दिग्गज नेता, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने जमकर चुनाव प्रचार किया।
वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम, बसपा प्रमुख मायावती, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए धुआंधार जनसभाएं कीं।
इस चरण में पूरे देश की निगाहें वाराणसी और आजमगढ़ पर लगी हैं। वाराणसी से नरेंद्र मोदी और आजमगढ़ से सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव चुनाव मैदान में हैं।
मोदी गुजरात के वडोदरा और मुलायम प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा सीट से भी उम्मीदवार हैं। शनिवार को प्रचार थमने से पहले राहुल गांधी और अखिलेश यादव रोड शो करके अपनी ताकत दिखाएंगे।
मोदी, मुलायम की प्रतिष्ठा दांव पर
चुनावी महासमर के अंतिम दौर की अहमियत इस बात से भी समझी जा सकती है कि जहां नरेंद्र मोदी ने खुद वाराणसी समेत आसपास की सीटों पर ताबड़तोड़ सभाएं कीं, वहीं सोनिया, राहुल, मुलायम, अखिलेश, मायावती समेत तमाम दिग्गज नेता भी पूर्वांचल को मथने में लगे रहे।
पूर्वांचल में राजनाथ सिंह ने भी सभाएं करके पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। वाराणसी व आजमगढ़ में सरगर्मियां कुछ ज्यादा ही हैं, क्योंकि नरेंद्र मोदी और मुलायम सिंह यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है।
वाराणसी में जहां पूरी भाजपा मोदी के पीछे खड़ी है वहीं आजमगढ़ में मुलायम सिंह यादव की जीत सुनिश्चित करने के लिए राम गोपाल यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव समेत उनके पूरे कुनबे ने डेरा डाल रखा है।
प्रचार में ग्लैमर का तड़का
भीषण गर्मी के बावजूद पूर्वांचल में चुनाव प्रचार पूरे चरम पर है। प्रचार में सियासी नेताओं के साथ ग्लैमर का भी तड़का लग रहा है।
भाजपा प्रत्याशियों के लिए फिल्म अभिनेत्री हेमामालिनी, अभिनेता विवेक ओबेराय, भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने भी सभाएं कीं। तो कांग्रेस की ओर से गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, के. रहमान खान, सत्यव्रत चतुर्वेदी व नगमा आदि भी वाराणसी और आसपास के इलाकों में प्रचार में जुटे हैं।
शनिवार को वाराणसी में राहुल रोड शो के साथ ही कांग्रेस अपने प्रचार अभियान का औपचारिक समापन करेगी तो सपा की ओर से अखिलेश यादव रोड शो करेंगे।
‘आप’ भी प्रचार अभियान में पीछे नहीं है और लोगों से सीधे संपर्क करके पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए समर्थन जुटाने की मुहिम चल रही है।