थानेदार का 'वसूलीज्ञान', 'ओवरलोड में कार्रवाई करो 10-15 हजार तो देकर ही जाएगा', निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक तरफ से पुलिस अधीक्षक अपनी ईमानदारी की छाप जिले में छोड़ रहे हैं, वहीं उनके मातहत उनके इस कार्य पर बट्टा लगा रहे हैं। खीरों थानेदार मणिशंकर तिवारी का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस कर्मियों को भ्रष्टाचार का बढ़ावा देने का ज्ञान बांट रहे हैं।
ऑडियो में कहा जा रहा है कि सीओ, एएसपी तक को देखना पड़ता है। कप्तान साहब तो कुछ नहीं लेते। बताया जा रहा है कि थाना परिसर में दरोगाओं की बैठक के दौरान थानेदार यह बातें शेयर कर रहे थे।
मामला बुधवार रात पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई के पास पहुंचा तो कुछ ही देर में उन्होंने खीरों थानेदार को निलंबित कर दिया। साथ ही एसपी ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ डलमऊ आरपी शाही को सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अन्य दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी
ऑडियो के प्रमुख बातचीत पर एक नजर
- सब कुछ प्रभारी को झेलना पड़ता है।
- सेमरी में बालू खनन हो रहा है।
- ओवरलोड में कार्रवाई करो। 10-15 हजार तो देकर ही जाएगा।
- अवैध शराब में महिला को लाकर लॉकअप में रख देते हो।
- दो हजार रुपया के लिए, कौन झेलेगा।
- इंचार्ज का काम है मैनेजमेंट और आपका काम है अपराध करना।
- क्या कुछ गलत कह दिया क्या।
- वहां पर मौजूद लोग हंस पड़ते हैं। कहते हैं साहब ठीक कह रहे हैं।
- हम सब मैनेज कर लेंगे।
चौकी इंचार्ज ने ऑडियो किया वायरल
थाने के एक चौकी के प्रभारी पर ऑडियो वायरल करने का आरोप लगाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि चौकी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार फलफूल रहा था। कारोबारियों को पुलिस पकड़कर धन वसूल रही थी। ऑडियो में यह बात थानेदार कह रहे कि शराब के चक्कर में न पड़ो। बड़ा काम करो। चौकी इंचार्ज के पहले ही कई मामलों की जांच चल रही है। जिस समय थानेदार यह बात कह रहे थे, उस समय बैठक में चौकी इंचार्ज भी शामिल था। चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं।