पुजारी की बीवी से सहमे श्रद्धालु, पुलिस भी दहशत में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा क्षेत्र के मुजेहना स्थित मेहनवन के माता पटमेश्वरी मंदिर परिसर मे पुजारी की पत्नी उत्पात मचा रही है। आरोप है कि पुजारी की पत्नी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं खासकर महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए उनसे जबरन पैसे छीन रही है।
मंगलवार की सुबह उसकी हरकत को रोकने का प्रयास कर रहे एक दरोगा से वह भिड़ गई। उसके आतंक पर रोक लगाने के लिए मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक से मंदिर परिसर मे महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के मेहनवन गांव स्थित मां पटमेश्वरी देवी के स्थान पर प्रत्येक वर्ष नवरात्रि के मौके पर दूर-दूर से हजारों की संख्या मे श्रद्धालु मां के दर्शन करने यहां आते हैं।
लेकिन इस बार श्रद्धालु यहां आने से कतरा रहे हैं। इसका कारण यहां के कथित पुजारी की पत्नी ने पूरे मंदिर परिसर मे उत्पात मचा रखा है।
आरोप है कि मां के दर्शन के लिए आने वाली महिला श्रद्धालुओं से वह जबरन पैसा छीन रही है। मंदिर निर्माण समिति के सदस्य जनार्दन प्रसाद पांडेय, बालजी तिवारी व रामानंद तिवारी ने बताया कि माता के मंदिर में कोई नियमित पुजारी नहीं है।
दरोगा से भिड़ी महिला
समदा गांव का निवासी एक व्यक्ति अपने आपको यहां का पुजारी बताता है। सदस्यों का आरोप है कि पुजारी की पत्नी ननका ने पिछले चार दिनों से यहां आतंक मचा रखा है।
वह यहां आने वाली महिलाओं को चढ़ावा चढ़ाने से रोककर उनसे पैसा छीन ले रही है। मंदिर परिसर में पूजन सामग्री की दुकान लगाने वाले मेहनवन निवासी मोहम्मद जैगब ने बताया कि सोमवार की रात को ननका देवी उसकी दुकान से जबरन करीब डेढ़ हजार रुपये का सामान उठा ले गई।
शिकायत पर मंगलवार को धानेपुर थाने के दरोगा वीरेंद्र मिश्रा जब यहां जांच करने पहुंचे तो महिला दरोगा से ही भिड़ गई।
महिला का आक्रामक रुख देख दरोगाजी भी बैकफुट पर आ गए। मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना देकर मंदिर परिसर में महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किए जाने की मांग की है।
वहीं दरोगा वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि कई महिला श्रद्धालुओं ने पैसे छीने जाने की शिकायत की थी जिस पर वह उत्पात मचा रही महिला को समझाने गए थे।