लखनऊ में शौचालय न बनवाने पर कटवा दी 40 घरों की बिजली, दी राशन कार्ड निरस्त करने की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में ग्रामीणों को घरों में शौचालय न बनवाना महंगा पड़ गया। इससे भड़के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अजय प्रताप सिंह ने करीब 40 ग्रामीणों के विद्युत कनेक्शन जबरन कटवा दिए। साथ ही इनके राशन कार्ड निरस्त कराने की बात भी कही।
हालांकि विद्युत कनेक्शन कटवाने पहुंचे बीडीओ का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों के मुताबिक टीम के साथ नूरनगर भदरसा पहुंचे बीडीओ ने ग्रामीणों से शौचालय बनवाने को कहा। ग्रामीणों के असमर्थता जताने पर भड़क बीडीओ ने मौके पर पुलिस बुला ली।
बाद में गहरू पावर हाउस से सप्लाई ठप करवाकर रमेश यादव, मुन्ना कश्यप, राम मिलन, विनोद कनौजिया, प्रेम यादव, रिंकू यादव, राकेश यादव, रामदेव, शमशेर, हरिपाल, छंगालाल, दशरथ, शिव प्रसाद व कश्मीरा सहित तीन दर्जन ग्रामीणों के कनेक्शन टीम में मौजूद एक व्यक्ति से जबरन कटवा दिए।
शौचालय न बनवाने वालों के निरस्त होंगे कार्ड
मामले में बीडीओ अजय प्रताप सिंह का कहना है कि नूरनगर भदरसा को खुले में शौच मुक्त करने को लेकर अभियान चल रहा है। ग्रामीणों से खुद शौचालय बनवाने को लेकर कई बार कहा गया। इसके बावजूद उन्होंने शौचालय नहीं बनवाए बल्कि खुले में गंदगी फैलाते हैं। इसकी वजह से सोमवार मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी। इसके अलावा ऐसे ग्रामीणों के राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
शासनादेश का हवाला देकर कटवाई आपूर्ति
गहरू के उपखंड अधिकारी अभिनव तिवारी के मुताबिक बीडीओ अजय प्रताप सिंह ने सोमवार सुबह शासनादेश का हवाला देकर लाइनमैन प्रदीप शुक्ल से शटडाउन लेकर निजी व्यक्ति से ग्रामीणों के कनेक्शन कटवाए। एसडीओ का कहना है कि जानकारी होने पर उन्होंने बीडीओ से शासनादेश की प्रति मांगी पर उन्होंने प्रति उपलब्ध नहीं कराई। एसडीओ ने मामले से अधिकारियों को अवगत कराया है।