26 जनवरी से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फर्राटा भरेंगे वाहन, सिक्सलेन के पैकेज चार का 70 फीसदी कार्य पूरा
गणतंत्र दिवस से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। एक्सप्रेस-वे के कुछ पैकेज पर करीब 63 तो कुछ पर 70 फीसदी तक कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पुलों व फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। शनिवार को निरीक्षण व समीक्षा के लिए पहुंचे अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने पत्रकारों से बातचीत में शासन की कोशिश बताई। फिलहाल दावे के मुताबिक शासन के समक्ष ढाई माह में कुछ पैकेज पर करीब 40 फीसदी तो कुछ जगहों पर करीब 30 फीसदी कार्य पूरा कराने की चुनौती है।
लखनऊ से गाजीपुर के हल्दिया तक निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पैकेज तीन का निरीक्षण व समीक्षा करने आईआईडीसी आलोक टंडन के साथ अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी बल्दीराय के बड़ाडाड़ पहुंचे। फर्म के प्लांट पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे आईआईडीसी आलोक टंडन व अपर मुख्य सचिव ने पैकेज तीन पर कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करने बाद पैकेज तीन व चार पर कराए गए कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में पैकेज तीन पर 70 फीसदी व पैकेज चार पर अधिक कार्य पूरा पाया गया।
समीक्षा व निरीक्षण में अपर मुख्य सचिव ने पैकेज चार का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए फर्म को तीन सप्ताह का समय दिया है। इसके साथ ही अन्य पैकेज के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। आईआईडीसी आलोक टंडन ने अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी व आलोक कुमार के साथ पैकेज तीन के निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच की।
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सब कुछ ठीक रहा तो 26 जनवरी 2021 से सिक्सलेन पर वाहन दौड़ने लगेंगे। इसकी कोशिश शासन की ओर से लगातार की जा रही है। एक्सप्रेस-वे के सेतुओं व आरओबी के कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। निर्माण कार्य की रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कुछ पर 30 फीसदी कार्य ढाई माह में पूरा कराने की चुनौती
मुख्यमंत्री की मंशा एक्सप्रेस-वे को जल्द चालू करने की है। फिलहाल अपर मुख्य सचिव के दावे के बीच कुछ पैकेज पर करीब 40 फीसदी व कुछ पर 30 फीसदी कार्य ढाई माह में पूरा कराने की चुनौती है। इसके साथ ही अधूरे सेतुओं व आरओबी का निर्माण पूरा कराने का भी कम कठिन नहीं है।
बताया कि पैकेज तीन का कार्य एपको व पैकेज चार का निर्माण जीआर इंफ्रा की ओर से किया जा रहा है। इसके पहले बड़ाडाड़ के हेलीपैड पर आईआईडीसी, अपर मुख्य सचिव के पहुंचने पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, एसपी शिवहरि मीणा ने स्वागत किया।
दोपहर को आईआईडीसी व अपर मुख्य सचिव आजमगढ़ जनपद के पैकेज का निरीक्षण करने चले गए। जिले के पहले बाराबंकी के पैकेज का निरीक्षण किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त उमाकांत त्रिपाठी, यूपीडा व फर्म के अधिकारी मौजूद रहे।