यूपीः पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा पर कोरोना का असर, 55.5 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए मंगलवार को हुए ऑनलाइन परीक्षा में कोरोना का असर दिखा। सुबह की पाली में 59 फीसदी और दोपहर की पाली 52 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। इस तरह कुल 55.5 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। यानी महज 44.5 फीसदी अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी।
प्रदेश के 75 में से महज 23 जिलों में ऑनलाइन परीक्षा के लिए केंद्र बनाए गए थे। कोरोना के चलते अभ्यर्थियों ने अपने जिले से निकलकर दूसरे जिलों में परीक्षा देना मुनासिब नहीं समझा। 12 सितंबर को ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा भी 40 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ दी थी। जबकि सभी 75 जिलों में केंद्र बनाए गए थे। यह संख्या ऑनलाइन परीक्षा में कम सेंटर होने से और बढ़ गई। इधर, राजधानी में कुल 54 फीसदी अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा ने दी।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव एसके वैश्य ने बताया कि ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी 16 सितंबर को परिषद की वेबसाइट www.jeecup.nic.in पर जारी कर दी जाएगी। अभ्यर्थी 19 सितंबर शाम पांच बजे तक इस उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। संशोधन के बाद 22 सितंबर को प्राप्तांक जारी कर दिया जाएगा। वहीं, ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी 23 को जारी कर 26 सितंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां ली जाएंगी।
28 को परीक्षा परिणाम और 30 से काउंसलिंग
ऑफलाइन व ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा का परिणाम 28 सितंबर को परिषद की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर से दाखिले के लिए ऑनलाइन कॉउसलिंग शुरू की जाएगी। इस बार काउंसलिंग के सभी चरण ऑनलाइन ही होंगे। काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों को दूसरे जिले में नहीं जाना पड़ेगा। दस्तावेज सत्यापन से लेकर प्रवेश संबंधी अन्य प्रक्रियाएं भी अभ्यर्थी को खुद के जिले में करानी होगी।