यूपी चुनाव में अब छठे चरण के लिए राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत
यूपी में पांच चरणों के चुनाव निपटने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों ने छठे चरण के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। इस चरण में पूर्वांचल के सात जिलों की 49 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। सभी दल इस क्षेत्र के मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं।
दलों ने अपने-अपने बड़े नेताओं व रणनीतिकारों को गोरखपुर में कैंप करवा दिया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, बसपा प्रमुख मायावती सहित सभी पार्टियों के दिग्गज इन क्षेत्रों में आखिरी जोर-आजमाइश में लग गए हैं।
छठे चरण में महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ एवं बलिया जिले की 49 सीटों के लिए मतदान चार मार्च को होगा। यहां चुनाव प्रचार दो मार्च की शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा।
प्रचार खत्म फिर भी बने हैं इन जिलों में
सभी पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने इन क्षेत्रों में डेरा जमा लिया है। जिन बड़े नेताओं के क्षेत्र में चुनाव खत्म हो गया है, उन्हें भी इन जिलों में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस ने नेता विधानमंडल दल प्रदीप माथुर को गोरखपुर भेज दिया है। वे वहां कांग्रेस का चुनाव प्रचार को देख रहे हैं।
1.72 करोड़ मतदाता करेंगे 635 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
छठे चरण में सात जिलों की 49 सीटों के लिए 635 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। चार मार्च को होने वाले मतदान में 1.72 करोड़ मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 94.60 लाख पुरुष व 77.84 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।