लखनऊ में 6 करोड़ की चोरी, पुलिस ने बताया 50 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंदिरानगर इलाके में मुंशी पुलिया चौराहे के पास ज्वैलरी शॉप की तिजोरी काटकर चोरों ने छह करोड़ के गहने उड़ाए थे। सराफा व्यवसायी रविवार सुबह चोरी गए गहनों की सूची लेकर थाने पहुंचा तो पुलिसकर्मियों के हाथपांव फूलने लगे।
व्यापारियों के हंगामे पर पुलिस ने सूची रिसीव की। एसएसपी ने इंदिरानगर थाने के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को बदमाशों को जल्द पकड़ने के आदेश दिए हैं।
चोर मुंशी पुलिया चौराहे के पास स्थित कन्हैयालाल आनंदहरि अग्रहरि ज्वैलर्स नामक शॉप की छत काटकर अंदर घुसे थे।
चोर गैस कटर से तिजोरी काटकर गहने बटोर ले गए थे। सर्राफ आनंदहरि ने रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ चोरी गए माल की सूची जल्द सौंपने की बात कही थी।पड़ताल कर रहे पुलिसकर्मियों ने 50 लाख की चोरी का अनुमान लगाया था।
व्यापारी ने रिकॉर्ड से स्टॉक का मिलान किया तो पता चला कि छह करोड़ से अधिक के गहने चोरी हुए हैं। वारदात का खुलासा न होने पर व्यापारियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया था।
10 किलो 690 ग्राम के थे सोने के गहने
सराफा व्यवसायी आनंद हरि ने रविवार सुबह इंदिरानगर थाने पहुंचकर अपनी शॉप से चोरी गए गहनों की सूची सौंपी। उन्होंने कहा, तिजोरी में 10 किलो 690 ग्राम सोने के झुमकी, बाली, अंगूठी, लॉकेट, मंगलसूत्र, बिंदिया, हार, चूड़ी, ब्रेसलेट, चेन, नथुनी, टॉप्स रखे थे। इसके अलावा हीरे जड़े गहने भी थे।
इसकी कीमत छह करोड़ से अधिक थी। चोरों ने बुधवार रात तिजोरी काटकर सारे गहने चुरा लिए। चोरी गए माल की सूची देखकर मुंशी हड़बड़ा गया। उसने इंस्पेक्टर के पास भेजा। इंस्पेक्टर ने सीओ से संपर्क करने को कहा।
टालमटोल होते देख आनंद हरि ने व्यापारी नेता राजेश सोनी को फोन किया। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में सराफा व्यवसायी थाने पर एकत्र हो गए। हंगामा करने के साथ उच्चाधिकारियों को कॉल की। मामला तूल पकड़ते देख इंस्पेक्टर ने आनंद हरि द्वारा सौंपी सूची रिसीव कराई। इसके बाद ही कारोबारी वापस गए।