भाजपा नेता के रेस्टोरेंट में घुसकर पुलिस अफसर ने किया हंगामा, कर्मचारियों से मारपीट, तोड़फोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित भाजपा नेता के रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार रात एक पुलिस अफसर ने जमकर हंगामा किया। विरोध पर मैनेजर व अन्य कर्मचारियों को पीटा और तोड़फोड़ की। विरोध में रेस्टोरेंट के बाहर लोगों ने हंगामा शुरू किया तो उक्त पुलिस अफसर मौके से निकल गया। एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार का कहना है कि कार का शीशा टूटने को लेकर कुछ विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री त्रयंबक तिवारी के छोटे भाई मयंक तिवारी का जनेश्वर मिश्र पार्क के पास मेलोज नाम से रेस्टोरेंट है। मयंक रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे बैठे हुए थे। इस बीच एक पुलिस अफसर सादे कपड़ों में पहुंचा।
बकौल मयंक, रेस्टोरेंट में घुसते ही अफसर ने परिचय देते हुए फुटेज दिखाने को कहा। मयंक ने उन्हें एक कर्मचारी के साथ भेजा और खुद परिवार की महिलाओं को घर छोड़ने जाने लगा। इससे अफसर नाराज हो गया।
आरोप है कि उन्होंने रेस्टोरेंट के मैनेजर राहुल को थप्पड़ जड़ दिए। कर्मचारियों व मयंक ने विरोध किया तो गालियां देते हुए रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी दी। अफसर ने खुद ही फोन कर गोमतीनगर पुलिस को बुलवा लिया। आरोप है कि थाने की पुलिस ने भी अफसर के साथ रेस्टोरेंट में कर्मचारियों व ग्राहकों से बदसुलूकी की। देर रात दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया।
एसयूवी के शीशे पर लगा पत्थर तो भड़के पुलिस अफसर
रात करीब आठ बजे पुलिस अफसर अपनी नीली बत्ती लगी एसयूवी से गोमतीनगर विस्तार स्थित आवास जा रहे थे। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास मेलोज रेस्टोरेंट से 50 मीटर आगे उनकी एसयूवी खड़ी थी। तभी अचानक कहीं से एसयूवी के पिछले हिस्से में पत्थर आकर लग गया। जिससे उनका शीशा टूट गया। इससे नाराज होकर वह फुटेज देखने गए। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों का आरोप है कि एएसपी ने मारपीट शुरू की थी।
क्षेत्राधिकारी गोमतीनगर चक्रेश मिश्रा का कहना है कि रेस्टोरेंट पर विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस टीम पहुंची है। पीड़ित का आरोप है कि हंगामा करने वाला एक पुलिस अफसर है। रेस्टोरेंट की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।