सीएम की फ्लीट के अलर्ट के बीच गंज चौराहे पर पुलिस वालों ने लहराये असलहे, हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोक भवन में बैठक ले रहे थे। रात करीब 8.30 बजे उनकी फ्लीट का अलर्ट जारी हुआ। इस बीच हजरतगंज चौराहे पर सादे कपड़ों में एसयूवी सवार कन्नौज पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार को ओवरटेक कर रोका।
उसमें सवार इंटर कॉलेज के प्रबंधक को दबोचने की कोशिश की। परिवार ने विरोध किया तो पुलिसकर्मी खुलेआम असलहे लहराने लगे। हंगामा होता देख लोग जुट गए। पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई। वहां पता चला कि कॉलेज प्रबंधक दुष्कर्म का आरोपी है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी है। कन्नौज पुलिस के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद आरोपी प्रबंधक को टीम के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जीपीओ चौराहे पर कार से जा रहे स्कूल मैनेजर को एसयूवी सवार लोगों ने रोका। इसके बाद गाड़ी से उतरे लोगों ने प्रबंधक को घसीटकर अपनी एसयूवी में बैठाने का प्रयास किया। इस पर कार में मौजूद उसकी पत्नी व बेटा भिड़ गए।
विरोध पर एक व्यक्ति ने पिस्तौल महिला के सीने पर सटाकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद भी वह पीछे नहीं हटी। यह नजारा देख भीड़ जुट गई। इस पर एसयूवी सवारों ने अपनी पहचान कन्नौज पुलिस के दरोगा और सिपाही के रूप में दी।
दर्ज हुआ था दुष्कर्म का मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज राधारमण सिंह के मुताबिक कन्नौज बालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधक दिनेश गुप्ता पर 18 जून को छात्रा से दुष्कर्म करने का मुकदमा सौरिख थाने में दर्ज हुआ था। वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था। उसकी कुर्की का नोटिस भी जारी हुआ था।
सौरिख थाने के एसएसआई बृजभान सिंह के अनुसार दिनेश की गिरफ्तारी को सर्विलांस का सहारा लिया गया था। पड़ताल में स्कूल मैनेजर के लखनऊ में मौजूद होने की खबर मिली थी। इस पर मंगलवार को टीम राजधानी पहुंची थीं।
आत्मसमर्पण करने की फिराक में था
दिनेश गुप्ता पुलिस से बचकर भाग रहा था। उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी भी डाली थी। कन्नौज पुलिस को सूचना मिली थी कि बुधवार को वह आत्मसमर्पण कर सकता है। इस कारण वह किसी भी तरह उसे गिरफ्तार करना चाहती थी।
कन्नौज पुलिस को दिनेश के परिवार समेत हजरतगंज आने की खबर मिली। कैपिटल सिनेमा हॉल के पास इंतजार कर रही टीम को दिनेश परिवार के साथ कार में जाता दिखाई पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
प्रभारी हजरतगंज के मुताबिक पुलिस के सादे कपड़ों में होने से राहगीरों को भम्र हुआ। देर रात पुलिस प्रबंधक को लेकर कन्नौज रवाना हो गई।