यूपीः बिजली मांगने पर पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गर्मी की मार झेल रहे लोगों का धैर्य बिजली संकट के चलते चुक गया। बुधवार को आधी रात में दो उपकेंद्र ठप होने पर लोग सड़क पर उतर आए। जाम लगा कर प्रदर्शन किया और बिजली चालू होने की मांग करने लगे। इतने में मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली मांग रहे लोगों पर लाठियां चलाई और दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
बुधवार की रात 10 बजे इंजीनियरिंग कॉलेज के दो 33 केवी लाइन की सप्लाई में व्यवधान आने के कारण जानकीपुरम कॉलोनी का आधा हिस्सा अंधेरे में डूब गया। इससे जानकीपुरम, रिंग रोड के करीब 15 हजार घरों में अंधेरा होने के कारण रात करीब 12 बजे लोगों का आक्रोश भड़क गया।
इलाकाई इंजीनियर भी बिजली चालू करने को लेकर कुछ नहीं कह पा रहे थे। लोगों के आक्रोश को भाप कर इंजीनियरों ने पुलिस को बुला लिया था। रात करीब एक बजे 150-200 लोगों ने पहले इंजीनियरिंग कॉलेज उपकेंद्र पर धावा बोला। जाम लगाया और तोड़फोड़ की।
रिंग रोड का आवागमन ठप हो गया। इस पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। एक्सईएन एके जैसवाल ने बताया रात 2:45 बजे वैकल्पिक फीडर से बिजली चालू की गई। गुरुवार सुबह 9:30 बजे दोबारा बत्ती गुल हो गई जो दोपहर में सामान्य हो सकी।
लखनऊ में इन जगहों पर बिजली की वजह से हुआ हंगामा
बंगला बाजार उपकेंद्र इलाके में एक मोहल्ले की बिजली बंद होने पर नाराज लोगों ने बुधवार रात दो बजे खूब बवाल किया। तोड़फोड़ की और चालू फीडर को बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठी चार्ज किया तब प्रदर्शनकारी भागे।
काकोरी मोड़ उपकेंद्र से बिजली सप्लाई गुरुवार को सुबह से शाम तक ठप रही। इंजीनियरों को इसकी सूचना दी गई लेकिन बिजली चालू नहीं की हो सकी। नाराज लोगों ने शाम सात बजे बुद्धेश्वर चौराहे पर जाम लगाकर सड़क जाम कर दी। पुलिस ने बिजली चालू कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
राजधानी के ट्रांसगोमती एवं आलमबाग क्षेत्र में गुरुवार को अधिकतर ऑनलाइन बिलिंग केंद्र पर दोपहर से शाम तक बिजली बिल भुगतान में व्यवधान बना रहा। इंदिरानगर के सेक्टर 25 केंद्र पर लोगों ने हंगामा भी किया।