अयोध्या में इस बार त्रेता युग की तरह मनेगी दिवाली, योगी आदित्यनाथ करेंगे श्रीराम का राज्याभिषेक
इस बार की दिवाली को त्रेता युग की तरह ही भव्य बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसका ब्लू प्रिंट लेकर पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक अखंड प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ शुक्रवार को सुबह अयोध्या में घंटों कई स्थानों पर घूमे।
तय हुआ कि नंदीग्राम में भरत मिलाप के बाद राज्यपाल राम नाईक दिन में ही साकेत कॉलेज में राम-भरत-लक्ष्मण-सीता समेत पूरी सेना की अगवानी करेंगे। इसके बाद कालेज से रामकथा पार्क नयाघाट तक राम राज्याभिषेक यात्रा निकलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क में तिलक लगा राम को राजगद्दी देंगे।
लंका पर विजय के बाद लौटे राम की खुशी जैसी दिवाली मनाने को लेकर अयोध्यावासी उत्साहित हैं। साधु-संत और धर्माचार्य इस अलौकिक दृष्य को देखने के लिए भावविभोर हो रहे हैं। पर्यटन विभाग के एमडी अखंड प्रताप सिंह व उपनिदेशक पर्यटन प्रीति श्रीवास्तव ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शुक्रवार को इसी सिलसिले में अयोध्या का दौरा किया।
अधिकारियों ने साकेत महाविद्यालय, टेढ़ीबाजार, हनुमानगढ़ी, पोस्टऑफिस तिराहा, तुलसी उद्यान, रामकथा संग्रहालय, राम की पैड़ी व सरयू घाट का निरीक्षण किया। राम की पैड़ी, सरयू घाट व रामकथा पार्क की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया गया।
संत बोले, सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या की दीपावली को भगवान राम की गरिमा अनुरूप मनाने व रामराज्य जैसी दीपावली मनाने की प्रदेश सरकार के योजना की रामनगरी के संतों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने योगी सरकार की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे आयोजन से अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत पुष्ट होगी, उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से राम राज्य की परिकल्पना साकार होगी।
हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञानदास ने कहा कि योगी सरकार की यह योजना अत्यंत सराहनीय है। अयोध्या के त्योहार अयोध्या की गरिमा अनुकूल ही मनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर राम राज्याभिषेक का आयोजन अद्भुत होना चाहिए, कहा कि सरकार यह भी प्रयास करें कि ऐसे आयोजनों पर किसी भी वजह से विराम न लगे इनकी अक्षुण्णता बनी रहे।
दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास ने कहा योगी सरकार धर्म, संस्कृति, गौरक्षा के लिए काम कर रही है, अयोध्या का विकास उनकी प्राथमिकताओं में हैं, अयोध्या में ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन की दृष्टि से अयोध्या विकसित होगी।