जानें, कब होगी एलयू में पीएचडी प्रवेश परीक्षाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलयू में पीएचडी के लिए प्रवेश परीक्षाएं नवंबर के तीसरे सप्ताह में होगी। परीक्षाएं खत्म होने के एक सप्ताह के अंदर ही इसके परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा इस साल विभागाध्यक्ष अपने हिसाब से साक्षात्कार की तिथियां तय नहीं करेंगे बल्कि प्रवेश समन्वयक की ओर से उन्हें एक सप्ताह की निश्चित तिथि दे दी जाएगी।
सभी विभागों को उसी दौरान अपने यहां साक्षात्कार कराने होंगे, जिसके बाद समय से रिजल्ट घोषित हो जाएंगे। पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के संबंध में शुक्रवार को कुलपति प्रो. एसबी निमसे ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की।
इस दौरान प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा भी उपस्थित रहे। विवि में पीएचडी के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर है। प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि सभी विभागाध्यक्षों से चर्चा करके अगले 10 दिन के अंदर ही प्रवेश परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी जाएंगी।
पिछले सत्र पीएचडी प्रवेश परीक्षा के बाद करीब एक माह तक विभिन्न विभागों में साक्षात्कार ही चलते रहे। मालूम हो कि इसकी वजह से पीएचडी के दाखिले जनवरी तक किए गए। मगर, इस बार ऐसा न हो इसके लिए पूरी तैयारी पहले से की जा रही है।
प्रो. अनिल ने बताया कि जल्द ही सभी विभागाध्यक्षों को साक्षात्कार कराने के लिए एक सप्ताह का समय दे दिया जाएगा। साक्षात्कार में बाहरी विशेषज्ञ भी बुलाए जाते हैं।
निर्धारित तिथियों के अनुसार विभागाध्यक्ष बाहरी विशेषज्ञों से उनका समय ले लेंगे। इस तरह एक ही समय पर सभी विभागों में साक्षात्कार की प्रक्रिया कर रिजल्ट जारी करके दाखिले पूरे कर लिए जाएंगे।
एमफिल के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
पीएचडी के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक सीटों का ब्यौरा अपडेट नहीं किया जा सका है। शुक्रवार की बैठक में कुलपति प्रो. निमसे ने सभी विभागाध्यक्षों को कहा कि वह जल्द से जल्द सीटों का अंतिम ब्यौरा उपलब्ध कराएं।
मालूम हो कि कुछ विभागों ने अभी तक कॉलेजों में उपलब्ध सीटों का पूरा ब्यौरा नहीं दिया है। प्रो. अनिल ने बताया कि दो-तीन दिन में सभी कोर्स की सीटें फाइनल हो जाएंगी।
एलयू में एमफिल के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चार अक्तूबर से शुरू हो जाएगी। हालांकि, केमिस्ट्री में एमफिल की पढ़ाई अगले सत्र से शुरू करने को कहा गया है। इसके अलावा यह भी तय किया गया है कि एमफिल की सीटों में किसी तरह का परिवर्तन नहीं होगा।
इसमें यूजीसी की नई गाइडलाइंस के अनुसार, प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर की संख्या के अनुसार सीटें तय नहीं होंगी। जिन विभागों में एमफिल की पढ़ाई होती है उनके अध्यक्ष को बोला गया है कि सोमवार तक वह अपने यहां की सीटें अपडेट कर दें। मंगलवार से फॉर्म भरना शुरू हो जाएगा।
पीएचडी से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन की अंतिम तिथि : 20 अक्तूबर
प्रवेश परीक्षा : नवंबर तीसरा सप्ताह
रिजल्ट घोषणा : नवंबर अंतिम सप्ताह