इनकम टैक्स टीम को बंधक बना छुड़ाया पकड़ा माल
वैट चोरी पकड़ने के लिए गोंडा रेलवे स्टेशन के पार्सल घर पर छापा मारने आयी लखनऊ की वाणिज्य कर विभाग टीम को बंधक बना कर दबंगों ने करीब 10 लाख रुपये के वैट चोरी के माल को छुड़वा लिया।
टीम के अधिकारी ने मामले में नगर कोतवाली में तीन नामजद के अलावा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सूत्रों की मानें तो वैट चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
गोंडा में कई साल से वैट चोरी से माल मंगाकर व्यापारियों को देने का काम चल रहा है। स्थानीय स्तर के इनकम टैक्स विभाग के अफसरों की सेटिंग के कारण करीब डेढ़ साल से बडे़ पैमाने पर रेलवे के जरिये बाहर से वैट चोरी में कारोबारियों का माल आता था।
गुर्गों को बुलाकर 10 लाख का माल छुडाया
इसकी सूचना लखनऊ मुख्यालय को मिली तो शुक्रवार की शाम इनकम टैक्स लखनऊ के असिस्टेंट कमिश्नर अरूणेन्द्र कुमार की अगुवाई में अफसरों की एक टीम ने गोंडा रेलवे स्टेशन के पार्सल घर पर छापा मारा। यहां टीम ने 20 कार्टन में करीब 10 लाख रुपये के वैट चोरी में बाहर से मंगाया माल पकड़ा।
माल वाहनों पर लाद कर व्यापारियों के ठिकाने पर भेजा जा रहा था। मौके पर ही वैट चोरी के कारोबारियों को माल समेत पकड़ने पर वे लोग अफसरों से भिड़ गए। इतने में माल ले जाने वालों ने अपने करीब 12 से अधिक गुर्गों को बुला लिया।
उन्होंने अफसरों को घेरकर बंधक बना लिया और पकड़े माल को छुड़वाकर ले गए। टीम के अफसरों ने मदद के लिए पुलिस के कंट्रोल रूम को फोन किया लेकिन जब तक पुलिस टीम आती वे लोग माल ले जा चुके थे। इसके बाद असिस्टेंट कमिश्नर अरूणेन्द्र कुमार ने कोतवाली नगर में सलीम, बब्लू, अम्बोले, व निजाम के अलावा 15 अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मामला दर्ज कराया।