बुलंदशहर कांड के बाद लखनऊ में हुई चेकिंग तो अफसरों को दिखा ये नजारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीजीपी ने बुलंदशहर कांड को लेकर पूरे प्रदेश में सोमवार रात सघन चेकिंग अभियान के आदेश दिए। सूबे की राजधानी में भी अफसर से लेकर थानेदार तक चेकिंग करने निकल पड़े, मगर इंस्पेक्टर गाजीपुर पॉलीटेक्निक चौराहे के पुलिस बूथ पर कुर्सी पर पैर फैलाए बैठे मातहतों से गप्पे लड़ा रहे थे।
आईजी ने चौराहे का चक्कर काटा लेकिन इंस्पेक्टर को भनक नहीं लगी। इस पर उन्होंने इंस्पेक्टर की कड़ी फटकार लगाई। डीआईजी ने उन्नाव और एसएसपी ने शहर में चेकिंग के साथ संदिग्ध वाहनों की धरपकड़ कराई।
इससे पहले शोहदों और शराबियों को सबक सिखाने के इरादे से एसएसपी मंजिल सैनी रविवार देर रात स्कूटी से निकली थी। 1090 चौराहे से सीएम आवास होते हुए मरीन ड्राइव तक चक्कर काटा। संदिग्ध युवकों से पुलिस टीम ने पूछताछ की।
आईजी जोन ए सतीश गणेश ने बताया कि हाईवे, रेलवे-बस स्टेशन, ढाबों की चेकिंग के अभियान के तहत वह सीतापुर जा रहे थे। रात 10 बजे पॉलीटेक्निक चौराहा पर पुलिस की जीप खड़ी थी लेकिन चेकिंग होते नहीं दिखी।
इस पर चौराहे का चक्कर काटकर गाड़ी पुलिस बूथ के पास रुकवाई। पुलिस बूथ में इंस्पेक्टर गाजीपुर सुधाकर पांडेय कुर्सी पर पैर फैलाए बैठे मातहतों से गप्पे लड़ा रहे थे। उन्हें आईजी के पहुंचने की भनक नहीं लगी थी।
एसएसपी ने रईसजादों पर कसा शिकंजा
इस पर कड़ी फटकार लगाई। इंस्पेक्टर ने सफाई दी कि चेकिंग के लिए मातहतों को निर्देश दे रहा था। चेकिंग शुरू कराकर आईजी जोन बीकेटी व इटौंजा क्षेत्र में चेकिंग का जायजा लेते हुए सिधौली पहुंचे। व्यवस्था चौकस थी।
कमलापुर में एसओ द्वारा बैरियर लगाकर चेकिंग कराई जा रही थी। खैराबाद के पास एएसपी मनोज सोनकर चेकिंग कराते मिले। इसके बाद एसपी सीतापुर को साथ लेकर आईजी जोन महमूदाबाद के लिए रवाना हुए।
डीआईजी रेंज आरकेएस राठौर ने उन्नाव में चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने हाइवे के ढाबों, पेट्रोलपंप व वाहनों की चेकिंग करके संदिग्ध लोगों से पूछताछ कराई। डीआईजी ने बताया कि उन्नाव में एसपी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चल रहा था।
एसएसपी मंजिल सैनी ने हजरतगंज चौराहे पर बैरियर लगाकर रात में कार से फर्राटा भरने वाले रईसजादों पर शिकंजा कसा। चौराहे से गुजरी एक कार में युवक-युवतियां संदिग्ध हालात में बैठे थे। कार की तलाशी में शराब की बोतल मिली।