सस्ती फ्लाइट निरस्त होने से यात्रियों पर बढ़ा बोझ, 1500 के सफर पर देने पड़ रहे हैं 10,000 तक
जेट एयरवेज की सस्ती व किफायती उड़ानों के बंद हो जाने से यात्रियों की जेब पर बोझ पड़ रहा है। प्रयागराज के लिए पहले यात्रियों को जहां महज 1500 रुपये में सीधी उड़ान मिल जाती थी। अब कनेक्टिंग फ्लाइट पर यात्रियों को छह से दस हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
चंडीगढ़, इंदौर व जयपुर जाने वाले यात्रियों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। रीजनल कनेक्टीविटी स्कीम (उड़ान) के अंतर्गत सस्ती व किफायती फ्लाइटें शुरू की गई थीं। इसके तहत एटीआर श्रेणी के छोटे विमानों का संचालन शुरू किया गया।
इसमें सबसे पहले जेट एयरवेज की ओर से लखनऊ से जयपुर की डायरेक्ट फ्लाइट शुरू की गई। इसमें दो से ढाई हजार रुपये में यात्री जयपुर पहुंच जाते थे। देखते ही देखते इस फ्लाइट की मांग बढ़ने लगी। इसके बाद इंडिगो ने जयपुर के लिए सीधी उड़ान शुरू कर दी।
जेट एयरवेज ने भी लखनऊ से प्रयागराज इंदौर, चंडीगढ़ के लिए भी विमान सेवा शुरू की। हाल ही में जेट एयरवेज ने अपनी सभी फ्लाइटों को बंद कर दिया। इससे सस्ती व किफायती विमान सुविधा भी बंद हो गई।
कई गुना बढ़ गया किराया
लखनऊ से प्रयागराज के लिए जेट की फ्लाइट 9डब्ल्यू-355 चलती थी, जो सुबह 6:50 बजे रवाना होकर 7:55 बजे प्रयागराज पहुंच जाती थी। यह सफर करीब एक घंटे का होता था। अब यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट से सफर कर रहे और इसमें घंटों लगते हैं। लखनऊ से जयपुर की फ्लाइट भी करीब दो घंटे में यात्रा पूरी करवाती थी, जबकि अन्य रुटीन फ्लाइटों पर खासा वक्त लगता है।
सस्ती व किफायती फ्लाइटों का किराया दो से ढाई हजार रुपये तय था। अब यात्रियों को नियमित उड़ान से सफर करना पड़ा रहा और किराया भी कई गुना अधिक देना पड़ रहा है। मसलन, प्रयागराज के लिए पहले जहां नौ से 15 सौ रुपये तक में टिकट मिल जाता था, वहीं अब यह छह से दस हजार रुपये तक पहुंच रहा है।
ऐसे ही इंदौर के लिए 18 सौ के टिकट के एवज में अब चार से आठ हजार रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ के लिए किराया भी आठ हजार रुपये के आसपास पहुंच रहा है।
दो महीने में ही दिल्ली की फ्लाइट भी बंद
देहरादून-भोपाल वाया लखनऊ भी बंद
एलायंस एयरलाइन की देहरादून से भोपाल वाया लखनऊ चलाई गई फ्लाइट भी बंद कर दी गई। इस फ्लाइट से देहरादून से लखनऊ आने व लखनऊ से भोपाल जाने वाले यात्रियों को सस्ते टिकट मिल जाते थे।