ट्रेन के खाने में दिया कीड़ा, शिकायत की तो पीटा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक तरफ रेलमंत्री ट्रेनों में खान-पान की गुणवत्ता सुधारने की बात कर रहे हैं, दूसरी ओर ट्रेनों में यात्रियों से भोजन के नाम पर न सिर्फ मनमानी वसूली की जा रही है, बल्कि भोजन में कीड़े परोसे जा रहे हैं।
इतना ही नहीं, शिकायत पर यात्रियों से बदसलूकी भी की जा रही है। रेल बजट में ट्रेनों में भोजन को लेकर रेलमंत्री सदानंद गौड़ा की तमाम घोषणाओं के अगले ही दिन जम्मूतबी-सियालदह एक्सप्रेस के यात्रियों को इस कड़वे सच का सामना करना पड़ा।
एक तो चलती ट्रेन में यात्रियों से 55 रुपये की जगह 110 रुपये वसूला गया, उस पर खाने में कीड़ा निकल गया। शिकायत करने चारबाग स्टेशन पहुंचे यात्रियों को वापस भगा दिया गया।
इतना ही नहीं शिकायत दर्ज कराने पर ट्रेन मैनेजर ने आरपीएफ जवानां के सामने कर्मचारियों के साथ मिलकर यात्रियों की जमकर पिटाई की।
जम्मूतवी से सियालदाह जा रही थी ट्रेन
जम्मूतवी से सियालदह जा रही ट्रेन 13152 सियालदह एक्सप्रेस की बोगी-एस-1 के यात्रियों को रसोईयान के कर्मचारियों ने खाना परोसा। इस ट्रेन मे सत्यम कैटर्स का खानपान का ठेका है।
पहले तो यात्रियों से 55 रुपये की जगह खाने का 110 रुपये वसूला गया। खाने में परोसी गई दाल में कीड़ा निकला। इसका विरोध करने पर रसोईयान के कर्मचारी मारपीट पर उतर आए।
इस पर बोगी एस-1 के धीरज बरनवाल, मनोज चक्रवर्ती और दिलीप कुमार सहित एक दर्जन यात्री उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य के पास शिकायत दर्ज करने पहुंचे।
शिकायत करने की दी दर्दनाक सजा
यहां पहले तो 15 मिनट तक उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य अपने काम में लगे रहे और शिकायत को अनसुना कर दिया।
इस पर भी जब यात्रियों ने शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो उनसे कहा गया कि शिकायत दर्ज करने में बहुत समय लगेगा। आप लोग वाराणसी में शिकायत दर्ज कराएं।
इस बीच ट्रेन छूटने का समय हो गया और यात्री वापस लौटने लगे।
शिकायत करने गए यात्रियों को वापस आता देख रसोईयान के मैनेजर भानु प्रताप ने अपने अन्य कर्मचारियों के साथ मनोज चक्रवर्ती और अन्य यात्रियों की पिटाई कर दी।
दहशत में मनोज अपनी जान बचाकर दूसरी ओर प्लेटफॉर्म की तरफ कूद गए। जिस समय यात्रियों की पिटाई हो रही थी उस समय वहां पर आरपीएफ के जवान भी मौजूद थे।
संपर्कक्रांति में नहीं चढ़ सके विकलांग यात्री
दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन 12566 बिहार संपर्कक्रांति एक्सप्रेस की विकलांग बोगियों में जीआरपी एस्कॉर्ट के जवान ने रुपये लेकर सामानरू यात्रियों को चढ़ा दिया।
विकलांग यात्रियों को सीट मिलना तो दूर वे बोगी के भीतर न घुस सके। जवानों के खिलाफ यात्रियों ने जीआरपी थाने पर शिकायत की। इसके बाद लखनऊ जीआरपी इंस्पेक्टर शिव प्रकाश सोनकर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।