नवरात्र पर बाजार गुलजार, 1000 करोड़ का हुआ कारोबार, एक शोरूम ने 175 कारें बेचीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नवरात्र पर एक हजार करोड़ के कारोबार से शहर के कारोबारियों पर महालक्ष्मी की खूब कृपा बरसी। उम्मीद से अधिक ग्राहकी ने कोरोना से छाई मायूसी को दूर कर दिया। वैसे तो नवरात्र में हर दिन बाजारों में खूब ग्राहक उमड़े और जमकर खरीदारी हुई, लेकिन महाअष्टमी और महानवमी पर कुछ हटकर कारोबार हुआ।
रविवार को नवमी और दशमी को भी अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। इस नवरात्र में पहले नंबर पर ऑटोमोबाइल, दूसरे पर सराफा और तीसरे पर कपड़ा सेक्टर रहा। अनुमान है कि 240 करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक एवं इलेक्ट्रिकल आइटम्स का कारोबार रहा।
वहीं, 160 करोड़ रुपये का रेडीमेड कपड़ों व 100-100 करोड़ रुपये का कपड़ा, गहना और पूजन सामग्री का कारोबार हुआ है। नवरात्र में 25 हजार वाहनों की बिक्री का अनुमान है, जिसकी कीमत इस कारोबार में शामिल नहीं है। महाष्टमी और महानवमी शनिवार को होने से लोगों ने वाहनों की डिलीवरी लेने में कम रुचि दिखाई। हालांकि, शादी के लिए गहनों और कपड़ों की खरीद रात तक जारी रही।
अमीनाबाद में रही ग्राहकों की भीड़
अमीनाबाद व्यापारी संघर्ष समिति के संयोजक ने बताया कि नवरात्र के दिनों में कारोबारियों ने लगभग 300 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें प्रमुख रूप से कपड़े और शादी की सामानों की बिक्री शामिल है। पूरे नवरात्र मोहन मार्केट, स्वदेशी मार्केट, प्रताप मार्केट, झंडेवाला पार्क रोड, मंदिर मार्ग, नजीराबाद और गणेशगंज में ग्राहकों की भीड़ रही।
घर पहुंचे 100 करोड़ के गहने
लखनऊ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं फतेहगंज के कारोबारी रविंद्र नाथ रस्तोगी ने बताया कि नवरात्र में अनुमानित 100 करोड़ रुपये के गहने ग्राहक खरीद कर घर ले गए। इनमें अधिकतर वे ग्राहक हैं, जिनके परिवार में नवंबर-दिसंबर में शादी है। आलमबाग के प्रणय केसरवानी ने बताया कि सराफा का कारोबार बेहतर चल रहा है।
175 कारों की बिक्री पर ये कहते हैं शोरूम मालिक
गोमती नगर के विभूति खंड स्थित मेगा मोटर शोरूम से नवरात्र में 175 मारुति कारों की बिक्री हुईं। इनमें अर्टिगा और ब्रेजा शामिल रहीं। शोरूम के सीईओ इमरान अहमद ने बताया कि शनिवार के चलते बुकिंग कारों की डिलीवरी अष्टमी और नवमी को नवरात्र के आम दिनों के मुकाबले कम हुई। शाम छह बजे तक सिर्फ 15 कारों की ही डिलीवरी हो सकी।
रेडीमेड कपड़ों की जमकर खरीदारी
नवरात्र में लगभग 160 करोड़ रुपये के रेडीमेड कपड़ों का कारोबार होने का अनुमान है। कारोबारी अशोक भाटिया इसकी वजह नवंबर से शुरू हो रहीं शादियां बताते हैं। नवरात्र में शुभ घड़ी होने से जिन परिवारों में शादियां थीं, उन्होंने जमकर कपड़ों की खरीदारी की। रेडीमेड का व्यापार उम्मीद से बेहतर रहा, जो दिसंबर तक जमकर चलेगा।
सवा करोड़ कीमत वाली तीन बीएमडब्ल्यू बिकी
अष्टमी और नवमी पर सबसे महंगी तीन बीएमडब्ल्यू कार बिकी। एक बीएमडब्ल्यू कार की कीमत सवा करोड़ रुपये हैं। इसके अतिरिक्त 25 लाख से लेकर 70 लाख रुपये कीमत तक की बहुत सी कार घर पहुंची। नवरात्र के पहले दिन से शनिवार दोपहर तक 3,350 दोपहिया और चार पहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ। एआरटीओ (प्रशासन) सिद्धार्थ यादव के मुताबिक नवरात्र पर कुल कितने वाहन पंजीकृत हुए ये जानकारी मंगलवार को मिलेगी।