अलीगंज फल मंडी में आग, सात दुकानें जलकर राख, एक की मौत, चार झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के अलीगंज की फल मंडी की एक आढ़त में शुक्रवार देर रात शॉट सर्किट से आग लग गई। थोड़ी ही देर में सात आढ़तें इसकी चपेट में आ गईं। इनमें रखे 50 हजार से अधिक कैरेट जलने से पूरे इलाके में धुआं फैल गया। गैस सिलिंडर व एसी धमाके के साथ फट पड़े। पांच बाइक व दो दर्जन ठेले भी आग की चपेट में आने से आग विकराल हो गई। आढ़त पर बने एसी रूम में दम घुटने से एक पल्लेदार की मौत हो गई, जबकि दूसरा झुलस गया। वहीं, तीन दमकल कर्मचारी भी झुलस गए हैं। दमकल की 15 गाड़ियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि सीतापुर रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी की फल मंडी में आग शुक्रवार रात करीब 2:08 बजे लगी। आग बुझाने के लिए इंदिरानगर, चौक, बीकेटी, गोमतीनगर, हजरतगंज व आलमबाग फायर स्टेशन से सात और गाड़ियां भेजी गईं। तड़के 4:30 बजे आग बुझाई जा सकी।
प्रभारी निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि आढ़त शिवशक्ति फ्रूड ट्रेडर्स के मालिक विजय कुमार द्विवेदी की ओर से सूचना दर्ज की गई है। उनका कहना है कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग से उनकी आढ़त के साथ मो. ताज, पिंटू सोनकर, दीपू सोनकर, अब्दुल वाकी, अतीक, पप्पू खां की दुकानें जली हैं। वहीं, विजय की आढ़त में सो रहा पल्लेदार संतोष वर्मा लपटें उठती देख सो रहे पल्लेदार संजय (28) को जगाने दौड़ा। आग की चपेट में आने से संतोष झुलस गया, जबकि हरदोई के बेनीगंज थाने के गांव नीमडाडा निवासी संजय की दम घुटने से मौत हो गई।
एसी का कम्प्रेसर फटने से भड़की आग, धमाकों से भगदड़
विजय ने पुलिस को बताया कि पप्पू खान की आढ़त नंबर 79 में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की थी। उस वक्त सभी आढ़ती घरों में थे और पल्लेदार आढ़तों पर सो रहे थे। गहरी नींद में सो रहा संतोष भीषण तपिश महसूस होने पर जागा। ऊंची लपटें देख वह संजय को जगाने दौड़ा।
उसका कहना है कि इस बीच एसी में धमाका हुआ और संजय कमरे में ही बेहोश होकर गिर गया। झुलसा संतोष किसी तरह बाहर निकला और बेहोश होकर गिर गया। वहीं, एसी का कम्प्रेसर फटने से हुए धमाके से इलाके में भगदड़ मच गई। इस बीच एक गैस सिलिंडर भी फट गया।
दोपहिया वाहनों की पेट्रोल टंकी फटने, दर्जनभर साइकिल और ठेलिया के टायर जलने से आग बढ़ती गई। मौके पर मौजूद पल्लेदार बबलू, शेरा, कोयल, अकरम, जुम्मन, ओमप्रकाश, छोटू ने दमकल पर घंटा भर बाद पहुंचने का आरोप लगाया। इसे लेकर आढ़तियों ने भी नाराजगी जताई।