{"_id":"631f4f57b21da11869623820","slug":"one-dead-as-the-roof-of-the-porch-of-the-up-state-forensic-sciences-lab-under-construction-collapses","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News : फोरेंसिक लैब के पोर्च की छत गिरी, एक की मौत, चार घायल, एक गंभीर, अमित शाह ने किया था शिलान्यास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News : फोरेंसिक लैब के पोर्च की छत गिरी, एक की मौत, चार घायल, एक गंभीर, अमित शाह ने किया था शिलान्यास
Tue, 13 Sep 2022 12:07 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Tue, 13 Sep 2022 12:07 AM IST
सार
सरोजनीनगर के पिपरसंड में प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट यूपी स्टेट फोरेंसिक साइंसेज लैब का निर्माण हो रहा है। इसका हाल ही में शिलान्यास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। निर्माण कार्य जीएस एक्सप्रेस प्रा. लि. को दिया गया है।
विज्ञापन
निर्माणाधीन यूपी स्टेट फोरेंसिक साइंसेज लैब
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखनऊ में सरोजनीनगर के पिपरसंड स्थित रनियापुर के पास निर्माणाधीन यूपी स्टेट फोरेंसिक साइंसेज लैब का निर्माण चल रहा है। सोमवार को लैब के पोर्च की छत ढलाई का काम चल रहा था। दोपहर में अचानक से छत भरभराकर गिर गई। जिसके मलबे में छह से अधिक मजदूर दब गए। हादसा होते ही आसपास काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल मलबा हटाकर साथियों को बाहर निकाला। जिसमें पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन सभी को पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां अनवर (40) की हालत नाजुक हो गई। उसे ट्रामा सेंटर लेकर गए, जहां कुछ देर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं चार में एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
सरोजनीनगर के पिपरसंड में प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट यूपी स्टेट फोरेंसिक साइंसेज लैब का निर्माण हो रहा है। इसका हाल ही में शिलान्यास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। निर्माण कार्य जीएस एक्सप्रेस प्रा. लि. को दिया गया है। कार्यदायी संस्था ने भवन निर्माण शुरू किया। सोमवार दोपहर को एकेडमिक ब्लॉक की पोर्च की छत ढलाई का काम चल रहा था। दो बजे ढलाई का काम अंतिम दौर पर था, अचानक छत भरभराकर गिर गई। उस समय पोर्च के नीचे छह मजदूर काम कर रहे थे। काम कर रहे सभी मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
विज्ञापन
जेसीबी से हटाया मलबा तो निकाले गए मजदूर
आसपास के अन्य ब्लॉक में भी काम चल रहा था। अचानक तेज धमाके के साथ पोर्च गिरा तो अफरातफरी का माहौल हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ब्लाक में काम कर रहे मजदूर पहुंच गए। आननफानन जेसीबी बुलाई गई। वहीं पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर संतोष आर्य अपनी टीम के साथ पहुंचे। मौके से मलबा हटवाकर नीचे दबे मजदूरों को निकाला गया। लेकिन तब तक मजदूरों की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। एसीपी कृष्णानगर अरविंद वर्मा के मुताबिक हादसे में बिहार छपरा के रहने वाले अनवर अली (40), पश्चिम बंगाल के सुमीर महली, पालूश माड़ी, दुलाल और गोरखपुर के गोला निवासी दिग्विजय घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल अनवर को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे का कारण जांच रही पुलिस
एसीपी कृष्णानगर अरविंद वर्मा के मुताबिक हादसा दोपहर में करीब दो बजे हुआ था। यह किन कारणों से हुआ। इसके बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। वहीं कार्यदायी संस्था के प्रमुख की तलाश की जा रही है। मौके पर संस्था से जुड़ा कोई कर्मचारी या अधिकारी नहीं मिला, जिससे पूरे मामले की जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस के मुताबिक दिग्विजय के सिर में गंभीर चोट है। वहीं सुमीर महली के कमर में चोट हैं।