यूपी में फिर आया भूकंप पर कोई नुकसान नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार को दोपहर 12.35 पर एक बार फिर से भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के ये झटके पूरे उत्तर भारत में महसूस किए गए। लखनऊ सहित दिल्ली, राजस्थान, बिहार और कोलकाता में भी महसूस किए गए।
भू वैज्ञानिकों अनुसार इस भूकंप का केंद्र इस बार भी नेपाल रहा। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.1 आंकी गई। भूकंप के तेज झटकों से लोग दहशत में आ गए।
लोग दफ्तरों और घरों से बाहर निकलकर आ गए। गौरतलब है कि इससे पहले 25 अप्रैल को बड़ा भूकंप आया था। इस भूंकप ने नेपाल में तबाही मचा दी थी।
नेपाल-चीन सीमा पर दोपहर 12 बजकर 35 मिनट 19 सेकंड पर 7.3 की तीव्रता के भूकंप के झटके लखनऊ में नौ से दस सेकेंड तक रहे। मौसम विभाग के निदेशक ने यह जानकारी जिलाधिकारी राज शेखर को दी है। उन्होंने बताया कि झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.3 मापी गयी है।
इसका केंद्र नेपाल में जमीन के नीचे 18 किमी पर आंका गया। दूसरी ओर जिलाधिकारी ने साफ किया कि भूकंप के झटके के कारण अमौसी एयरपोर्ट को बंद नही किया गया है। सामान्य दिनों की तरह ही यहां उड़ानें जारी हैं। हालांकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों को सजग रहने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन की तैयारी भी पूरी रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल के लोग अभी तक इस भूकंप से हुई तबाही से उभर नहीं पाए हैं। पिछले भूकंप में हजारों लोगों की जानें गई थी। 25 अप्रैल के बाद कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं।
स्कूलों की हुई छुट्टी
मंगलवार को दोपहर 12.35 पर आए भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग बहुमंजिला दफ्तरों से बाहर भागते नजर आए। लखनऊ में सचिवालय कर्मियों ने भूकंप के झटकों के तुरंत बाद दफ्तर खाली कर दिया।
भूकंप के चलते डीएम ने सभी स्कूलों के प्रिंसिपल और मैनेजरों को आदेश दिए हैं। सभी स्कूलों को बंद करवा दिया गया है और बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके घर पहुंचाया जा रहा है।