लर्निंग डीएल अब सिर्फ 20 दिनों में ही, आवेदन के स्लॉट बढ़ने से घटने लगी वेटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिवहन विभाग ने लर्निंग डीएल बनाने के लिए अतिरिक्त टाइम स्लॉट बढ़ाए तो वेटिंग का ग्राफ नीचे आने लगा है। अब आवेदकों के लर्निंग डीएल 20 दिन में ही बनने लगे हैं। जो आवेदक 22 फरवरी को आवेदन किए उनका 18 मार्च को लर्निंग डीएल बनेगा।
वैसे ये वेटिंग 25 दिन मानी जा सकती है, पर पांच दिन संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) अवकाश के कारण बंद रहेगा। यह सहूलियत आवेदन के 50 अतिरिक्त टाइम स्लॉट बढ़ाए जाने से शुरू हुई है।
अपर परिवहन आयुक्त (आईटी) वीके सिंह ने ट्रांसपोर्ट नगर आरटीओ की लर्निंग डीएल की वेटिंग कम करने के लिए एनआईसी से बातचीत की और बीते 17 फरवरी को 50 आवेदकों को अतिरिक्त रूप से आवेदन की सुविधा मुहैया कराई। इससे 42 दिन की वेटिंग शनिवार को 20 दिन हो गई। पखवारे भर में ये वेटिंग 10 से 12 दिन होने की उम्मीद है। वर्तमान में 450 आवेदक रोजाना ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इनमें से 350 से 390 तक आवेदक रोजाना बायोमीट्रिक टेस्ट के लिए आरटीओ पहुंच करके लर्निंग डीएल भी बनवा रहे हैं।
10 फरवरी को थी 42 वेटिंग
कानपुर रोड स्थित आरटीओ में लर्निंग डीएल बनवाने की 10 फरवरी को वेटिंग 42 थी। आरटीओ में रोजाना 400 आवेदक लर्निंग डीएल के लिए आवेदन कर रहे थे। इनमें से 300 से 320 लोग रोजाना लर्निंग डीएल बनवाने पहुंचे थे।
और जल्दी है तो देवा रोड जाएं
आवेदकों को लर्निंग डीएल और जल्दी चाहिए तो उन्हें देवा रोड स्थित सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का ऑनलाइन आवेदन के दौरान चयन करना चाहिए। यहां तीन दिन में लर्निंग डीएल मिल जाएगा। एक दिन आवेदन करें, दूसरे दिन का टाइम स्लॉट मिलेगा और तीसरे दिन पोर्टल से डीएल डाउनलोड कर लें।
ये कहते हैं संभागीय निरीक्षक आरटीओ लखनऊ
संभागीय निरीक्षक आरटीओ लखनऊ सर्वेश चतुर्वेदी का कहना है कि परिवहन विभाग मुख्यालय ने अतिरिक्त रूप से 50 आवेदकों को आवेदन की सुविधा देकर टाइम स्लॉट देना शुरू किया तो वेटिंग 42 से 20 पहुंच चुकी है। भीड़ भी घटने लगी है।