UP: रोडवेज बस में 24 यात्री, किसी के पास नहीं था टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिवहन निगम के कैसरबाग डिपो की पूरी बस बृहस्पतिवार को बेटिकट यात्रियों को ढोते हुए पकड़ी गई। बहराइच से लखनऊ की तरफ आ रही बस में 24 बाराती सवार थे।
इनसे किराए का पैसा तो पूरा वसूला गया पर टिकट नहीं दिया गया। मुख्यालय के चेकिंग दस्ते ने बस को रोकने का इशारा किया तो ड्राइवर गाड़ी किनारे लगा भागने लगा।
बस के ड्राइवर और कंडक्टर को निलंबित कर दिया गया। दोनों के खिलाफ पुलिस में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। ड्राइवर को नौकरी से निकालने पर भी विचार चल रहा है।
लखनऊ रेंज के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह के मुताबिक 8 जून को यह बस कैसरबाग से यात्रियों को लेकर रुपईडीहा गई थी। बस 9 जून को वापसी में बहराइच से पहले ही खराब हो गई।
ड्राइवर ने बस को ठीक कराया और 10 जून को बहराइच से सवारी लेकर चला तो 10-12 किमी चलने के बाद दोबारा पखरपुर के पास खराब हो गई। बस को सही करने के लिए लखनऊ से मिस्त्री को भेजा गया।
बृहस्पतिवार तड़के ड्राइवर नरेश चंद्र गुप्ता बिना कंडक्टर अशोक कुमार तृतीय के यात्रियों को लेकर लखनऊ की ओर चल पड़ा। दरअसल कंडक्टर मिस्त्री को लेने लखनऊ आया था और इसके बाद से गोल था।
ड्राइवर ने दोबारा पाई थी नौकरी
ड्राइवर ने बहराइच में बिना बुक किए वापस जाने वाली बारात के 24 यात्रियों को बैठाया किराया वसूला पर टिकट किसी को नहीं दिया। यातायात अधीक्षक इरफान के नेतृत्व में दस्ते ने बाराबंकी और बहराइच के बीच सहाबपुर मोड़ पर बस रोकने का इशारा किया।
ड्राइवर ने बस रोकी और उतर कर भागा पर दस्ते के कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। दस्ते ने जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी तो दोनो को निलंबित करने के बाद जांच बैठा दी गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक नरेश चंद्र गुप्ता पहले हरदोई परिक्षेत्र में तैनात था। अनियमितता के आरोप में नरेश को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। ड्राइवर न्यायालय की शरण में गया तो नौकरी बहाली का आदेश हुआ जिस पर लखनऊ परिक्षेत्र में दोबारा नौकरी दी गई।
ड्राइवर को सिर्फ मूल वेतन यानी बेसिक वेतनमान और महंगाई भत्ते पर नौकरी पर रखा गया जिसको करीब 15 हजार रुपए का वेतन मिल रहा था। क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक फटाफट सुनवाई करके ड्राइवर को दो महीने के भीतर नौकरी से निकाल देंगे।
मामले पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कैसरबाग डिपो आदित्य प्रकाश कहते हैं कि परिवहन निगम मुख्यालय के चेकिंग दस्ते ने बहराइच की तरफ से आ रही बस पर छापा मारकर जांच की तो उसमें सवार 24 यात्रियों में से किसी के पास टिकट नहीं था। इस कार्रवाई पर ड्राइवर एवं कंडक्टर को निलंबित कर दिया गया है।