विधायकों के 'अच्छे दिन', नहीं देना होगा आयकर
सांसदों की तरह विधायकों को भी आयकर से छूट देने के लिए बृहस्पतिवार को विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
संसदीय कार्य मंत्री आजम खां की ओर से रखे गए प्रस्ताव में कहा गया कि आयकर अधिनियम के तहत सांसदों और विधायकों के वेतन-भत्तों को लेकर विसंगति प्रतीत होती है।
सांसदों की तरह विधायकों के वेतन भत्तों पर भी आयकर की कटौती न की जाए।
शून्य प्रहर में भाजपा के डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने यह मामला उठाते हुए कहा कि सांसदों और विधायकों का कार्य प्रकृति एक समान है। फर्क सिर्फ इतना है कि सांसदों का क्षेत्र बड़ा होता लेकिन काम और जवाबदेही विधायक की ज्यादा होती है।
दोहरा आचरण ठीक नहीं
जनप्रतिनिधियों के मामले में दोहरा आचरण ठीक नहीं है। इस पर आजम खां ने कहा कि डॉ. अग्रवाल ने बड़ी हिम्मत करके यह मुद्दा उठाया है। यह सही भी है। इस पर सहमति बने और अध्यक्ष से बात कर लेते हैं।
किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए। हमारे लिए ही सही, अच्छे दिनों की शुरुआत तो होगी।
नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य, भाजपा के सुरेश खन्ना, कांग्रेस के प्रदीप माथुर व रालोद के दलवीर सिंह ने भी इसका समर्थन किया। इसके बाद आजम ने सदन में प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।