नवनिर्वाचित सांसदों को विकास का रोडमैप देंगे मुख्यमंत्री योगी, 29 मई को सीएम आवास पर लंच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रदेश के नवनिर्वाचित 62 भाजपा सांसदों को लोकसभा क्षेत्र के विकास का रोडमैप देंगे। इसके अलावा सभी सांसदों को बुधवार दोपहर में भोज पर आमंत्रित किया है। इसी दिन पार्टी के छह क्षेत्रीय अध्यक्ष और प्रभारियों की बैठक में जीत-हार का मंथन करने के साथ आगामी छह महीने में 11 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनावों पर भी मंथन किया जाएगा।
सपा-बसपा और रालोद के गठबंधन को ध्वस्त कर भाजपा और सहयोगी दल ने लोकसभा चुनाव में 80 में से 64 सीटें जीती हैं। माना जा रहा है कि बैठक में सांसदों को कार्यकर्ताओं का सम्मान करने और समन्वय की सीख दी जाएगी। उन्हें वाणी पर संयम रखने और सत्ता व संगठन की मर्यादा का पाठ भी पढ़ाया जाएगा।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण में जाने से पहले सांसदों से परिचयात्मक बैठक रखी गई है। इसमें महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
चुनाव परिणाम का होगा मंथन
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष और क्षेत्रीय संगठन मंत्री चुनाव को लेकर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि कानपुर-बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र का परिणाम बेहतर रहा है। गोरखपुर, काशी और बृज क्षेत्र के नतीजे भी अच्छे रहे हैं। हालांकि पश्चिम में नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं हैं। भाजपा, सपा व बसपा के 11 विधायक सांसद बन गए हैं। अब उप चुनावों में पार्टी इन सीटों पर भी रणनीति बनाएगी।