डीआईजी के इस फरमान से सकते में यूपी पुलिस
बगैर हेलमेट लगाए दुपहिया वाहन दौड़ाएंगे लोग और कार्रवाई होगी इलाकाई दरोगा पर। डीआईजी रेंज के इस फैसले की गाज गोमतीनगर थाने के एक दरोगा पर गिरी है।
एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से महकमे में खलबली मच गई है।
एसएसपी जे रविंदर गौड़ ने बताया कि गोमतीनगर के विनीत खंड-6 के बीट इंचार्ज एसआई वंशराज चौबे को निलंबित कर दिया गया है।
पढ़ें- 'खाकी' ने की अपहरण की कोशिश
डीआईजी रेंज नवनीत सिकेरा ने अपनी टीम से इलाके में बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जांच कराई।
इस दौरान 60 में सिर्फ 20 व्यक्ति हेलमेट लगाकर दुपहिया वाहन चलाते मिले। बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही के चलते एसआई वंशराज चौबे को दंडित किया गया है।
एसएसपी ने जानकारी दी कि हादसों में लोगों की जान बचाने के इरादे से डीआईजी ने दो दिन पहले पुलिसकर्मियों की बैठक में आदेश दिया था कि दुपहिया वाहनों पर हेलमेट न लगाने वालों पर कार्रवाई की जाए।
पढ़ें-
गजब: पुलिस की रिश्वतखोरी की सीडी भी कर दी गायब
साथ ही हिदायत दी थी कि औचक निरीक्षण कराएंगे और जिस इलाके में बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों की संख्या अधिक मिली, वहां के बीट इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उधर, डीआईजी के इस फैसले से महकमे में हड़कंप मचा है। थानेदार व अन्य पुलिसकर्मियों का कहना है कि वाहन चेकिंग के दौरान बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
विभिन्न ड्यूटियों के चलते हर समय सिर्फ वाहन चेकिंग व हेलमेट न पहनने वालों पर कार्रवाई संभव नहीं है। पूरे शहर में बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन दौड़ते नजर आते हैं। ऐसा कोई इलाका नहीं जहां का बीट इंचार्ज इस कार्रवाई की जद में न आ रहा हो।
लखनऊ की और खबरों के लिए क्लिक करें.