दिव्यांग ठेकेदार को अगवा कर जमकर पीटा, मौत, दम तोड़ने से पहले भाई को फोन पर बताई आपबीती
सुल्तानपुर के हरौरा बाजार से सोमवार शाम शटरिंग ठेकेदार को बाइक सवार लोगों ने अगवा कर टेंट हाउस पर जमकर पीटा। पिटाई के बाद अपहरणकर्ताओं ने उसे कोल ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
ठेकेदार की हालत नाजुक होने पर अपहरणकर्ता उसे दुकान के बाहर फेंककर फरार हो गए। सूचना पर परिवारीजन ठेकेदार को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। कूरेभार के जगेसर सिंह का पुरवा (बिनगी) गांव निवासी रवींद्र यादव दिव्यांग हैं।
रवींद्र कूरेभार के हरौरा बाजार में शटरिंग कार्य के लिए दुकान खोला था। सोमवार शाम किसी काम के सिलसिले में रवींद्र धनपतगंज बाजार गया था, जहां से उसे सतीश जायसवाल समेत अन्य लोगों ने बाइक से अगवा कर लिया।
रवींद्र को लेकर सतीश अपनी देहली बाजार में स्थित टेंट हाउस की दुकान पर पहुंचा। दुकान पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। पिटाई के बाद सतीश जायसवाल समेत तीन लोगों ने उसे कोल ड्रिंक्स में जहर मिलाकर पिला दिया।
ऑडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
रवींद्र की हालत नाजुक होने पर उसे दुकान के बाहर फेंककर सभी लोग फरार हो गए। रवींद्र ने फोन से अपने बड़े भाई सुरेंद्र यादव को पूरे मामले की सूचना देते हुए जिंदगी बचा लेने की गुहार लगाई। परिवारीजन भागकर देहली बाजार गए और रवींद्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
रवींद्र और सुरेंद्र के बीच हुई फोन पर बातचीत का ऑडियो मंगलवार सुबह वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि टेंट व्यवसाई सतीश जायसवाल व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।