‘पूरे भारत में सबसे कम क्राइम यूपी में’
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा सरकार को बिना वजह ही बदनाम किया जाता है, जबकि देश में सबसे अच्छी कानून-व्यवस्था उत्तर प्रदेश की है। मुलायम बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का हालचाल लेने उनके आवास पर पहुंचे थे।
इस दौरान मीडिया से मुखातिब मुलायम ने कहा कि यूपी की आबादी 21 करोड़ है, आंकड़े बताते हैं कि यहां दो फीसदी अपराध है, जबकि मध्य प्रदेश की 6 करोड़ आबादी में 9.8 फीसदी अपराध और दिल्ली की दो करोड़ आबादी में लगभग 10 फीसदी अपराध है।
आजम और गायत्री हैं बेकसूर
इस दौरान मुलायम सिंह ने नगरीय विकास मंत्री आजम खान और खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का भी बचाव किया।
इन दोनों के खिलाफ हो रही जांच में सहयोग न करने के भाजपा के आरोप पर मुलायम ने कहा कि सारी हकीकत अपने आप सामने आ जाएगी।
मीडिया बिना वजह सपा को बदनाम करता है। एनडी से मिलने का कारण पूछने पर मुलायम ने कहा कि उनके साथ पुराना आत्मीय रिश्ता है। उधर, पुत्र रोहित शेखर को सपा में शामिल कर बड़ा पद मिलने के बाबत पूछे जाने पर एनडी ने कहा कि उसमें योग्यता है और वह अपना स्थान खुद बना लेगा। उसे मांगने की जरूरत नहीं। जो नेताजी सही समझेंगे, खुद ही देंगे।