अखिलेश के ड्रीम हाईवे के लिए साढ़े चार अरब मंजूर
प्रदेश सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का काम शुरू कराने के लिए निर्माण एजेंसियों के लिए पहली किस्त का बंदोबस्त कर दिया है। पहली किस्त बिड राशि का पांच प्रतिशत होगा। इसके लिए 452.76 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
शासन ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास के लिए 21 नवंबर की तिथि मुकर्रर कर रखी है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक्सप्रेस-वे के पांचों खंडों का एक साथ शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू हो जाएगा।
बिड की शर्त के अनुसार एक्सप्रेस-वे को बनाने वाली एजेंसियों को निर्माण कार्य शुरू करने के पहले मोबलाइजेशन एडवांस देना है।
शासन एडवांस रकम का बंदोबस्त अनुपूरक अनुदान से करने की योजना पर काम कर रहा है। लेकिन कार्य को समय से शुरू कराने के लिए एडवांस की पहली किस्त की मंजूरी दी गई है। औद्योगिक विकास अनुभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
मोबलाइजेशन एडवांस में इस तरह मिलेगी रकम
पैकेज संख्या-1--आगरा से फीरोजाबाद--पीएनसी इन्फ्राटेक--81.78 करोड़
पैकेज संख्या-2--फीरोजाबाद से इटावा--एफकॉन इन्फ्रास्ट्रक्चर--99.52 करोड़
पैकेज संख्या-3--इटावा से कन्नौज--एनसीसी--83.74 करोड़
पैकेज संख्या-4--कन्नौज से उन्नाव--एफकॉन इन्फ्रास्ट्रक्चर--106.20 करोड़
पैकेज संख्या-5--उन्नाव से लखनऊ--लार्सन एंड टुब्रो--81.50 करोड़