यूपी: आपनी बढ़े या ना बढ़े विधायकों की बढ़ी हजारों में सैलरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधायकों के वेतन, भत्तों में 44 हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि से यूपी सरकार पर सलाना 47 करोड़, 81 लाख 40 हजार रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सबसे ज्यादा बोझ पेंशन मद में पड़ेगा।
सरकार को इन्हें पेंशन देने के लिए 13 करोड़, 53 लाख, 60 हजार रुपये का अतिरिक्त देना होगा। वहीं, चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने से छह करोड़, चार लाख, 80 हजार, पेंशन राशि बढ़ाने से 3.90 करोड़ तथा रेलवे कूपन से 3.78 करोड़ रुपये का व्यय भार बढ़ेगा।
बृहस्पतिवार को विधेयक पेश होने के बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि सभी सदस्य विधायकों और पूर्व विधायकों के वेतन एवं भत्ते बढ़ाए जाने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों का मासिक वेतन आठ हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया गया है।
निर्वाचन भत्ता प्रतिमाह 22 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये, सचिवीय भत्ता 10 से बढ़ाकर 15 हजार रुपये, वाह्य चिकित्सा और सुविधा के बदले दी जाने वाली राशि 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है।
दैनिक भत्ता 750 से बढ़ाकर एक हजार
सदन या समितियों की बैठक में भाग लेने पर दैनिक भत्ता 750 से बढ़ाकर एक हजार रुपये और इससे इतर दैनिक जनसेवा भत्ता 400 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया है।
रेलवे कूपन 2.5 लाख से बढ़ाकर 3.25 लाख रुपये
विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्यों को अभी तक प्रतिवर्ष 2.50 लाख रुपये के रेलवे कूपन दिए जाते थे। अब यह राशि बढ़ाकर 3.25 लाख रुपये सालाना कर दी गई है।
कूपन से निजी वाहन के लिए डीजल की राशि दस हजार से बढ़ाकर 10 हजार से 18 हजार रुपये तक कर दी गई। विधान परिषद में नेता सदन अहमद हसन ने यूपी राज्य विधानमंडल (सदस्यों की उपलब्धियां और पेंशन) संशोधन विधेयक, 2015 पेश किया।
पूर्व विधायकों का पेशन, भत्ते भी बढ़े
विधानसभा और विधान परिषद के पूर्व सदस्यों की न्यूतम पेंशन आठ हजार रुपये प्रतिमाह बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दी गई है। पेंशन में हर साल 700 रुपये बढ़ने वाली राशि बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी गई है। इनकी रेलवे कूपन की राशि भी 60 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दी गई है।
सदस्य की मृत्यु पर मिलेगी पूरी पेंशन
किसी भी सदन के वर्तमान या पूर्व सदस्य की मृत्यु हो जाने पर अभी उनकी पत्नी/पति को उनकी अनुमन्य या देय पेंशन की 50 प्रतिशत राशि पारिवारिक पेंशन के रूप में मिलती है। अब ऐसी परिस्थिति में सदस्य को अनुमन्य पेंशन या 10 हजार रुपये (जो भी अधिक हो) पति/पत्नी को आजीवन मिलेगी।
विधायक निधि बढ़ा दो वरना क्षेत्र में जूते पड़ेंगे
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने विधायकों की सुविधाएं बढ़ाने का स्वागत किया लेकिन विधायक निधि बढ़ाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि विधायक निधि नहीं बढ़ेगी तो क्षेत्र की जनता विधायकों को दौड़ा लेगी।
लोग पूछेंगे कि अपने लिए तो सुविधाओं का पिटारा ले आए, हमारे लिए क्या लाए? कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि भी इस मांग पर जोर देते हुए कहा कि विधायक निधि न बढ़ी तो क्षेत्र में जूते पड़ेंगे। भाजपा विधायक दल के नेता सुरेश खन्ना और रालोद विधायक दल के नेता ने भी सहमति जताई।
विधायकों को अब मिलेंगे 99 हजार
विधायकों को अप्रैल माह से रेलवे कूपन और सदन की बैठक में भाग लेने के दैनिक भत्ते से अलग प्रतिमाह 99 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। पहले उन्हें 62 हजार रुपये मिलते थे। इस तरह वेतन भत्तों में 37 हजार की वृद्धि हुई है। रेलवे कूपन में 75 हजार सालाना वृद्धि हुई है।
औसत निकाले तों यह 6250 रुपये प्रति माह बैठती है। सदन या संसदीय समिति की बैठक में हिस्सा लेने पर अब 250 रुपये अतिरिक्त दैनिक भत्ता मिलेगा। यदि कूपन और सदन की बैठक भत्ता जोड़ दिया जाए तो औसतन हर विधायक को छह से सात हजार रुपये का और लाभ मिलेगा। इस तरह विधायकों को कुल वेतन, भत्तों में लगभग 44 हजार रुपये प्रति माह का लाभ मिला है।
हम पर भी ध्यान दे सरकार
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरि किशोर तिवारी ने कहा कि सरकार हमारी ओर ध्यान नहीं दे रही है। कई निगम तो फायदे में हैं इसके बावजूद उन्हें छठा वेतनमान नहीं दिया जा रहा है। इतनी महंगाई में निगम के कर्मचारी चौथा वेतनमान पा रहे हैं।
इन निगमों में लगभग 1300 कर्मचारी कार्यरत हैं। वित्त विभाग के लिए कोई नियम कानून नहीं हैं। वह जरा-जरा सी बात पर अड़ंगा लगा देता है, लेकिन जब दबाव ऊपर से आता है तो उसी काम को वित्त विभाग मंजूरी दे देता है। सरकार को कर्मचारियों का भी हित देखना चाहिए। हजारों परिवार आज भुखमरी की कगार पर हैं।