दरिंदगी! बच्ची का रेप कर रस्सी से घोंट दिया गला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 11 वर्षीय बालिका से गुरुवार भोर बाग में दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची बाग में आम बीनने गई थी।
उसके गले में गन्ने की पत्तियों की रस्सी लिपटी मिली। पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने मामले की सीबीआई जांच और हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह सभी को शांत किया। दो घंटे बाद पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रेप और हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नहीं लौटी तो परिजनों को हुई शंका
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति की बाग घर से एक किलोमीटर दूर नहर के पार है। बाग में प्रतिदिन उसकी 11 वर्षीय बालिका अपने चाचा के साथ आम बीनने जाती थी।
बुधवार रात उसके चाचा बारात में पयागपुर के रंजीतपुर गांव गए थे। इस पर गुरुवार भोर पांच बजे बच्ची अकेले ही आम बीनने के लिए बाग गई।
दो घंटे बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। पिता बाग पहुंचे लेकिन बेटी के न मिलने पर घर लौट आए। थोड़ी देर बाद आठ बजे के आसपास बालिका की मां बेटी को खोजते हुए बाग में पहुंची।
खोजबीन के दौरान उन्हें बेटी के कुछ कपड़े बाग के बाहर पड़े मिले। इस पर मां बाग से 100 मीटर की दूरी पर स्थित गन्ने के खेत के किनारे पहुंची।
पानी में पड़ा मिला शव
बताया जाता है कि गन्ने के खेत में सिंचाई के कारण पानी भरा था। लेकिन खेत में एक स्थान पर गंदा पानी देख मां अनहोनी की आशंका से घिर गई। आगे बढ़ने पर बेटी का शव पड़ा मिला। शरीर पर कपड़ा नहीं था। यह देखते ही मां चीखने लगी। परिवार और गांव के लोग पहुंच गए।
सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह, थानाध्यक्ष धनंजय सिंह भी घटनास्थल पहुंच गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
सभी घटना की सीबीआई जांच कराने और आरोपियों को पकड़ने की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। किसी तरह सभी को समझा बुझाकर पुलिस ने 11 बजे के आसपास शव को कब्जे में लिया।
परिजनों को नहीं किसी पर शक
एसओ ने कहा कि शव की हालत देख ऐसा लग रहा है कि बालिका से दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि बालिका के गले में गन्ने की पत्ती से बनाई गई रस्सी कसी हुई मिली है।
इसी रस्सी से गला घोटकर बालिका की हत्या की गई है। पंचनामा के बाद बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बालिका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धारा 376, 302, 304 और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, एसडीएम सदर बच्चेलाल ने भी गांव घटनास्थल का मुआयना किया है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परिजनों से बात की गई लेकिन वह किसी पर शक नहीं जता रहे हैं न ही किसी से दुश्मनी की बात कह रहे हैं। जांच की जा रही है, शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
चिकित्सकों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम
प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि लाश मिलने की स्थिति पर परिजन और ग्रामीणों ने रेप के बाद हत्या की बात कही है।
बालिका के लाश का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराने की सिफारिश की गई है। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। साथ ही स्लाइड भी तैयार होगी।
गठित की गई पांच टीमें
प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीओ रिसिया, थानाध्यक्ष विशेश्वरगंज और क्राइम ब्रांच के अलावा, पयागपुर और हूजूरपुर थानाध्यक्ष की टीम बनाई गई है। इन टीमों को मामले का खुलासा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।