लखनऊः वेल्थ मंत्रा का एमडी गिरफ्तार, ऐसे करता था करोड़ों रुपये की ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शेयर बाजार, प्लॉट व फ्लैट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला वेल्थ मंत्रा का एमडी संजीव अग्रवाल शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शाहजहांपुर की पुलिस ने विभूतिखंड स्थित आवास से दबोचा। उस पर शाहजहांपुर में शेयर बाजार में रुपये लगाने के नाम पर 50 से अधिक लोगों से ठगी के केस हैं।
संजीव अग्रवाल रोहतास प्लूमेरिया में रहता है। पुलिस के मुताबिक, संजीव भवन निर्माता कंपनी की आड़ में शेयर बाजार में रुपये लगवाता था। शेयर बाजार में उछाल आते ही रकम निकाल लेता था। पीड़ितों ने शाहजहांपुर के सदर बाजार थाने में मुकदमे दर्ज कराए थे।
सदर बाजार थाने की पुलिस ने एक मामले में कोर्ट से संजीव के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कराया। प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड राजीव द्विवेदी के मुताबिक, सदर बाजार थाने की पुलिस वारंट के साथ लखनऊ पहुंची और आरोपी को दबोच लिया गया।
जालसाज दंपती पर प्राथमिकी दर्ज
बेरोजगारों की शिकायत पर एसएसपी कलानिधि नैथानी के आदेश पर हुसैनगंज थाने की पुलिस ने हरदोई निवासी जालसाज दंपती डॉ. राज्यवर्धन सिंह व सुचेता राज के खिलाफ केस दर्ज किया है। जालसाज ने हुसैनगंज इलाके में एपेक्स चैंबर में कमला मिल्क जैविक खाद के नाम से कार्यालय खोला था।
युवक-युवतियों को नौकरी पर रखा और वेतन हड़प लिया। वेतन मांगने पर महिला कर्मचारियों से बदसुलूकी की। चौक की कहकशां के मुताबिक, आरोपी ने अपनी फर्म को अर्ध सरकारी बताते हुए विभिन्न पदों के लिए आवेदन मांगे थे।
पीड़िता के अलावा मोना सिंह, विनीत मिश्रा, चांदनी, अमित कश्यप व विनोद मणि त्रिपाठी ने आवेदन किया था। मार्च महीने में आरोपी ने 35 हजार रुपये सिक्योरिटी मनी के तौर पर जमा करने को कहा। जबकि कुछेक से एक लाख रुपये की सिक्योरिटी जमा कराई। वहीं, राज्यवर्धन सिंह बनारस से तीन साल पहले जेल जा चुका है।
उसने बनारस के सिगरा थानाक्षेत्र के रथयात्रा कॉम्प्लेक्स में दफ्तर खोलकर ठगी की थी। नवंबर 2016 में पुलिस ने दंपती को जेल भेजा था।