जीजा ने ससुराल जाकर चबा डाली साले की नाक
सआदतगंज क्षेत्र में रविवार दोपहर ससुराल पहुंचे सिरफिरे जीजा ने विवाद के बाद साले की नाक दांतों से काट ली। साला खून से लथपथ होकर गिर गया।
मोहल्ले वालों ने आरोपी को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया और जख्मी को अस्पताल पहुंचाया। साले की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सआदतगंज एलडीए सचिवालय कॉलोनी की रहने वाली शिक्षिका मधु तिवारी ने बेटी आरती की शादी पीजीआई एल्डिको उद्यान निवासी पंकज दीक्षित संग 2 जून 13 में की थी। शादी के छह माह बाद पति-पत्नी विवाद के बाद अलग हो गए।
बहन को बचाने बीच में आया था भाई
दोनों का मामला पारिवारिक न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि रविवार दोपहर करीब एक बजे पंकज स्कूटी से ससुराल पहुंचा और हंगामा करने लगा।
इसके बाद वह जबरन घर में घुसने पर पत्नी से हाथापाई की। बीच बचाव के लिए साला आशीष आया तो दोनों के बीच धक्का मुक्की शुरू हो गई।
इसके बाद सिरफिरे जीजा ने दांत से साले की नाक काटकर जख्मी कर दिया। वह खून से लथपथ होकर गिर गया। लोगों ने आरोपी को दबोच लिया।
पत्नी आरती के मुताबिक, उसका पति पीजीआई में क्लर्क है। वह आए दिन घर चलने के लिए दबाव बनाता था। मना करने पर धमकाता था।