रिकॉर्ड आवेदन के बाद भी लखनऊ विश्वविद्यालय ने 15 दिन बढ़ाई आवेदन की तिथि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय में इस साल पिछले वर्षों के मुकाबले रिकॉर्ड तोड़ आवेदन आए हैं। विवि प्रशासन ने मंगलवार को समाप्त हो रही आवेदन की अंतिम तारीख एक बार फिर से बढ़ा दी है। अभ्यर्थी अब 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। लविवि में स्नातकोतर में अब तक करीब 13 हजार आवेदन फॉर्म आ चुके हैं।
पिछले साल यह आंकड़ा 10 हजार 600 था। इसी तरह स्नातक में अब तक करीब 30 हजार आवेदन फॉर्म आ चुके हैं, जबकि पिछले साल 28,500 आवेदन आए थे। विवि प्रशासन का कहना है कि एडमिशन हेल्पलाइन नंबर पर आने वाली शिकायतों को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
सेल्फ फाइनेंस कॉलेज को विद्यार्थी देने पर मंथन
लविवि अपने दाखिलों के साथ ही स्व वित्तपोषित महाविद्यालयों को दाखिले के लिए विद्यार्थी देने पर भी मंथन चल रहा है। असल में स्व वित्तपोषित महाविद्यालयों की मांग को देखते विवि प्रशासन इस पर विचार कर रहा है कि उनके यहां के दाखिले लविवि ही कर दे। इसके लिए समिति भी बनाई गई है।
इस तरह से लविवि को फॉर्म फीस के रूप में अतिरिक्त आमदनी होगी, वहीं महाविद्यालयों को विद्यार्थी मिल जाएंगे। फिलहाल इससे सिर्फ निजी कॉलेज ही जुड़ते दिख रहे हैं। अनुदानित महाविद्यालय इसके लिए संभवत: तैयार न हों। क्योंकि आवेदन फॉर्म से मिली फीस उनके लिए आय का एक अच्छा साधन है।
अभ्यर्थियों की मांग पर बढ़ी तिथि
लविवि प्रवक्ता डॉ दुर्गेश श्रीवास्तव का कहना है कि अभी भी काफी विद्यार्थी आवेदन फॉर्म नहीं भर पाए हैं। उनकी मांग को देखते हुए आवेदन फार्म भरने की अंतिम तारीख 15 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।