लखनऊ : कोरोना काल में चिकित्सा ड्यूटी करने वालों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियुक्तियों में मिलेगा वेटेज
प्रदेश में कोविड से बचाव व उपचार की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने व ज्यादा मरीजों वाले लखनऊ, गौतमबुद्धनगर व गाजियाबाद जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान अस्पतालों में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की नियुक्तियों में वेटेज दिया जाए। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रदेश में कोविड से बचाव व उपचार की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने व ज्यादा मरीजों वाले लखनऊ, गौतमबुद्धनगर व गाजियाबाद जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा, फेस मास्क की अनिवार्यता को प्रभावी बनाएं। वे सोमवार को अपने सरकारी आवास पर टीम-9 की बैठक में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से कोविड संक्रमण के नए मामलों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस बार कोरोना वायरस कमजोर है। वायरस का यह वैरिएंट सामान्य वायरल की तरह है। कोविड टीका लगवा चुके लोगों के लिए कम खतरा है, लेकिन बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। सीएम ने 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को बूस्टर डोज लगाने की गति तेज करने और समय रहते संचारी रोगों को रोकने के प्रभावी उपाय करने के भी निर्देश दिए हैं।
विभागीय कार्य योजना का समय से करें क्रियान्वयन
सीएम ने कहा है कि मंत्रिमंडल के समक्ष सभी विभागों की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण हो चुका है। इसलिए मंत्रिमंडल के सदस्यों के सुझावों को समाहित करते हुए कार्ययोजना के क्रियान्वयन पर ध्यान दें।
निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें और प्रगति से मुख्यमंत्री कार्यालय को भी अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़ी संख्या में आईटीआई, इंटर कॉलेज, पॉलीटेक्निक, महाविद्यालय, कौशल विकास केंद्र व विवि स्थापित कराए गए हैं। इनमें जो संस्थान अभी संचालित नहीं हो सके हैं उनके शीघ्र संचालन की व्यवस्था की जाए। सीएम ने एंटी करप्शन पोर्टल को एक्टिव रखते हुए सभी शिकायतों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेने के भी निर्देश दिए।
प्रदेश में 210 नए संक्रमित सामने आए
प्रदेश में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 210 नए मामले सामने आए हैं। इनमें गौतमबुद्धनगर में 120, गाजियाबाद में 49 और लखनऊ में 12 नए संक्रमित मिले हैं। अब प्रदेश में संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 1277 पहुंच गई है। 132 संक्रमित सही भी हुए हैं। वहीं, अब तक लोगों को 31.10 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।