इस महिला टीचर ने बदमाशों के साथ किया ये सुलूक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से आ रही शिक्षिका शिवानी पांडेय के गले पर झपट्टा मारा। पर, शिक्षिका शिवानी ने उनको ऐसा सबक पढ़ाया कि उन्हें चेन छोड़कर भागना पड़ा। बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा तो वह एक हाथ से अपनी स्कूटी चलाती रहीं, दूसरे से उनसे लोहा लेती रहीं।
बचाव के लिए शोर भी मचाया। बार-बार झपट रहे बदमाश ने चेन खींच ली, फिर भी शिवानी ने हार नहीं मानी। बदमाश के हाथ में जोर से मारा, चेन सड़क पर जा गिरी। बदमाशों ने चेन उठाने के लिए बाइक रोकी, लेकिन आसपास के लोगों को आता देख फुर्र होने में ही भलाई समझी।
वाकया मिल एरिया इलाके के सेंटर पार्क के पास का है। शिवानी ने बाजारखाला थाना में शिकायत की लेकिन देर रात तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की थी। मोतीझील निवासी शिवानी शास्त्रीनगर स्थित ललिता शास्त्री मांटेसरी स्कूल में पढ़ाती हैं।
सुबह वह पेट्रोल लेने के लिए मिल एरिया चौकी के पास स्थित पेट्रोलपंप गई थीं। वहां से लौटते वक्त बाइक सवार बदमाश पीछे लग गए। सेंटर पार्क के पास सुनसान स्थान पर बदमाशों ने चेन पर झपट्टा मारा। बदमाशों को पीछे लगे देख शिवानी पहले से सतर्क थीं।
लुटेरों ने नहीं छिपाया था चेहरा
वह बताती हैं कि उन्होंने हाथ से धक्का देकर बदमाशों को धकेल दिया और मदद के लिए शोर मचाते हुए स्कूटी की स्पीड बढ़ा दी। खिसियाए बदमाश स्कूटी के बराबर आए और फिर से झपटे। इस बार शिवानी ने खुद को बचाते हुए बदमाशों का हाथ झटक दिया। तीसरी बार बदमाश के हाथ चेन आ गई।
शिवानी की गर्दन में लुटेरों के नाखून से खरोंचे आई हैं। वह टूटी चेन लेकर घर पहुंची और परिवारीजनों को घटना बताई। परिवारीजन बाजारखाला थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। शिवानी ने बताया कि लुटेरे काले रंग की शाइन बाइक से आए थे।
बाइक का नंबर वह पढ़ नहीं सकीं। लुटेरों ने न हेलमेट पहना था न चेहरा छिपाया था। सामने आने पर वह उन्हें पहचान सकती हैं।
पुलिस ने लुटेरों की पहचान के लिए मालवीयनगर चौराहा पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाने की कोशिश की तो पता चला वे खराब पड़े हैं। ये कैमरे पुलिस के कहने पर व्यापारियों ने ही लगवाए थे।