लखनऊ: सामने आई शिवा की डायरी, श्रद्धा की हर करतूत का है उसमें जिक्र; नेपाल भागने के बाद आया उसका वीडियो
Shiva murder case: लखनऊ में शिवा हत्याकांड की परतें हर रोज खुल रही हैं। इधर शिवा की मां को उसकी एक डायरी मिली है। उम्मीद है कि उससे कई सारे राज सामने आएंगे।
विस्तार
शिवा हर रोज डायरी लिखता था। मां रंजना शर्मा ने बताया कि पूरे दिन की गतिविधियों का जिक्र शिवा डायरी में करता था। शिवा ने लिखा था कि वह बहुत परेशान हो गया है। उसने श्रद्धा की करतूत का भी उल्लेख किया है। पुलिस अब शिवा की डायरी को विवेचना में शामिल करेगी। रंजना ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रंजना का कहना है कि श्रद्धा उनसे बेटे को अलग करना चाहती थी। वह शिवा को उसके दोस्तों से भी नहीं मिलने देती थी। वायरल ऑडियो में श्रद्धा शिवा से अभद्रता कर रही है। वह लगातार उसको जेल भेजने की धमकी दे रही है। शिवा को श्रद्धा ने अपने कब्जे में कर रखा था। प्रेम के जाल में फंसाकर श्रद्धा उससे सारा काम कराती थी। शिवा भी श्रद्धा के जाल में फंस गया था। श्रद्धा उस पर रसूखदारों से अपना परिचय बताकर दबाव बनाती थी। पार्टियों में भी हर चीज का भुगतान शिवा ही करता था।
पुलिस को ऋषभ राय की ऑडियो भी मिली है, जिसमें शिवा को धमकी दी जा रही है। बताया जा रहा है कि ऋषभ तब जेल में था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस की एक टीम नेपाल में है, जहां श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने रश्मि के एक करीबी को हिरासत में लिया है।
शिवा ने आत्महत्या की है, मेरा नाम नेताओं के साथ न जोड़ें
लखनऊ के चर्चित शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उसने खुद को बेगुनाह बताया है। उसने अब तक खुद पर लग रहे आरोपों का जवाब दिया है।
एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिसमें वो कह रही है कि मेरा आप सभी से रिक्वेस्ट है, मेरे नाम को ऐसे मत उछालिए। आप हर किसी के साथ मेरा नाम मत जोड़िए। आप लोगों ने कई नेताओं, कई अधिकारियों के साथ मेरा बेवजह का नाम जोड़ा है हाँ, अगर वो मेरे इंस्टाग्राम पे मेरे से कोई ऐड है, तो आप मेरे बारे में ऐसी अफ़वाह मत फैलाइए।
मेरा किसी से कोई कनेक्शन नहीं है। मैं किसी को नहीं जानती हूँ, मेरा रिक्वेस्ट है कि प्लीज मेरे बारे में अफ़वाह मत फैलाइए। मैं कहीं गायब नहीं हूँ। मैं पुलिस में आकर बयान देना चाहती हूँ। मैं उन्हें सब कुछ सच-सच, जो कुछ भी है, मैं उन्हें सब कुछ सच-सच बताना चाहती हूँ। तो प्लीज, आप लोगों से मेरी यही रिक्वेस्ट है कि कुछ भी किसी लड़की के बारे में बोलने से पहले 100 बार सोचिए कि मेरा क्या गुनाह है।
मैंने कुछ नहीं किया है। जो कुछ भी सच है शिवा शर्मा कांड से रिलेटेड, कि उसकी कोई हत्या नहीं हुई थी, वो एक सुसाइड था। वो मैं आप लोगों से बताने वाली थी। लेकिन मेरी कंडीशन देखिए कि मैं किस कंडीशन में हूँ। मैं ठीक कंडीशन में नहीं हूँ। मैं बिल्कुल भी इस समय फिजिकली फिट नहीं हूं।
तो मेरा रिक्वेस्ट है, मेरा आप लोगों से निवेदन है कि किसी भी बड़े अधिकारी या नेताओं के साथ मेरा नाम मत जोड़िए जिसमें मेरी कोई इन्वॉल्वमेंट नहीं है।
वीडियो में कहा कि मैं गायब नहीं हूं
25 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा दुबे का बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में श्रद्धा ने कहा कि वह गायब नहीं है और खुद पुलिस के पास जाकर पूरी सच्चाई बताना चाहती है। उसने कहा कि शारीरिक रूप से अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं है और फिलहाल हालात का सामना करने की स्थिति में नहीं थी। श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर उसे फॉलो करने वालों से अपना कनेक्शन होने की बात को गलत बताया। उसने दावा किया कि शिवा ने आत्महत्या की थी, उसकी हत्या नहीं हुई। श्रद्धा के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी यह स्पष्ट हो जाएगा। उसने कहा कि वह पुलिस को पूरी सच्चाई बताएगी और सरेंडर करना चाहती है।
एसयूवी के ओवरस्पीड के तीन चालान
श्रद्धा की एसयूवी के ओवरस्पीड के तीन चालान लंबित हैं। पहला चालान 19 जून 2025 को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर 142 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने पर हुआ था। दूसरा चालान 14 अप्रैल 2026 को यमुना एक्सप्रेसवे पर किया गया था। तीसरा चालान आठ अगस्त 2026 को यमुना एक्सप्रेसवे पर 123 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने के मामले में हुआ था।