{"_id":"63863dc9bb8fd73d9456953f","slug":"lucknow-news-industrialists-ready-for-investment-of-1-25-lakh-crores-in-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News : यूपी में सवा लाख करोड़ के निवेश के लिए उद्योगपति तैयार, समिट में जुटे देश-दुनिया के उद्योगपति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News : यूपी में सवा लाख करोड़ के निवेश के लिए उद्योगपति तैयार, समिट में जुटे देश-दुनिया के उद्योगपति
Tue, 29 Nov 2022 10:44 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Tue, 29 Nov 2022 10:44 PM IST
सार
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि प्रदेश में निवेशकों को हर सुविधा मिलेगी। कारोबारियों को कैश नहीं क्रेडिट पर ध्यान देना होगा, जो भरोसेमंद व्यवहार से ही संभव है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो माहौल बना है, उसमें गुंडे बहुत दूर चले गए हैं।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी
विस्तार
पांच सालों में वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य पूरा करने के लिए राजधानी व प्रदेश के उद्योगपतियों ने कमर कस ली है। इसकी बानगी है एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ यूपी-यूके की ओर से मंगलवार को आयोजित यूपी लीडरशिप समिट-2022। मलयेशिया, नार्वे समेत भारत के विभिन्न हिस्सों से बुलाए उद्योगपतियों के बीच एसोचैम-यूपी-यूके के सीईओ आरके शरन ने बताया कि यहां मौजूद उद्योगपति तत्काल सवा लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन
होटल ताज में समिट का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के हल के लिए अलग सेल काम कर रही है। उन्होंने कहा, अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा यूपी भारत में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। सीएम के शिक्षा सलाहकार प्रो. डीपी सिंह, एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव, सीआईआई चेयरमैन विनम्र अग्रवाल, शिल्पा सूरेवाला, संजय गुप्ता, राजीव कक्कड़, राजीव अरोड़ा, विनीत गुप्ता समेत जाने-माने उद्योगपतियों ने शिरकत की।
विज्ञापन
निवेश मित्र पोर्टल पर जरूर करें रजिस्ट्रेशन
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि प्रदेश में निवेशकों को हर सुविधा मिलेगी। कारोबारियों को कैश नहीं क्रेडिट पर ध्यान देना होगा, जो भरोसेमंद व्यवहार से ही संभव है। उन्होंने सपा सरकार के समय गुंडागर्दी पर निशाना साधते हुए कहा, कारोबारियों पर हमले इसीलिए होते थे कि उनका हौसला टूटे और दूसरों के दिल में डर बैठाकर वसूली की जाए। अब सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो माहौल बना है, उसमें गुंडे बहुत दूर चले गए हैं। मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा, निवेश मित्र पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं।
विज्ञापन
पहला निजी वॉर रूम प्रस्तावित
नंदी की मौजूदगी में चैंबर की इकोनॉमिक पॉलिसी एंड टैक्सेशन कमेटी के चेयरमैन मनीष खेमका और कोटक महिंद्रा बैंक के यूपी प्रमुख शशांक मिश्रा व दीपक कटियार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। इसके तहत प्रदेश में अपनी तरह का पहला निजी क्षेत्र का टैक्स डिपॉजिट वॉर रूम बनाया जाना है। मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री ने एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक अजय खन्ना और स्वच्छता की मुहिम चलाने वाले सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वरी पाठक को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया।
ये मांगे भी उठीं
एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ यूपी-यूके के चेयरमैन एलके झुनझुनवाला ने कहा, जिस जिले से निवेश और रोजगार ज्यादा हो उसे सम्मानित किया जाए। एसोचैम यूपी-यूके की इनवेस्टमेंट एंड इनफ्रास्ट्रक्चर कमेटी के चेयरमैन संजय सिन्हा ने कहा, हम अपनी नेटवर्किंग का इस्तेमाल प्रदेश में निवेशकों को लाने में कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। समिट में एग्रीकल्चर ट्रैक्टर, साइकिल, साइकिल उपकरण, वुलेन मिल, प्रॉसेसिंग व कास्टिंग, होजरी टेक्सटाइल, निटवियर, कैटल फीड, होटल, बायोफ्यूल, ट्रांसपोर्ट, एयर व वाटर पॉल्यूशन कंट्रोल आदि क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति शामिल हुए। अपना प्रस्ताव लेकर आए संदीप सक्सेना ने कहा, कृषि आधारित क्षेत्र में बहुत संभावना है। राम उग्रह शुक्ला ने बताया कि उद्यमी जैव ईंधन, सोलर एनर्जी आदि में मौका देख रहे हैं।