फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Lucknow News : Chief Minister unveiled the logo of University Games

Lucknow: सीएम ने किया खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लोगो का अनावरण, खिलाड़ियों के धरने पर बोले अनुराग ठाकुर

Fri, 05 May 2023 01:56 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ Published by: पंकज श्रीवास्‍तव Updated Fri, 05 May 2023 01:56 PM IST
सार

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेरा आग्रह है कि जंतर मंतर पर बैठे पहलवान अपना आंदोलन समाप्त कर दें। उनकी सभी मांगों को सरकार पूरा कर रही है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी अपना आदेश दे दिया है। अब पहलवान निष्पक्ष जांच को अपनी ओर से पूरा सहयोग करें और दिल्ली पुलिस को अपना काम करने दें।

विज्ञापन
Lucknow News : Chief Minister unveiled the logo of University Games
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश आज सिर्फ सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य ही नहीं है, बल्कि यहां होने वाला हर आयोजन भी स्वतः ही सबसे बड़ा हो जाता है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तृतीय संस्करण के लिए उत्तर प्रदेश का चयन किया गया है और विश्वास दिला सकता हूं कि यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। 200 विश्विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस आयोजन के भागीदार बनेंगे। उन्हें उत्तर प्रदेश को जानने, समझने और सीखने का भी अवसर प्राप्त होगा। उत्तर प्रदेश की पूरी टीम इनके स्वागत के लिए तैयार है। 25 मई से प्रारंभ होने वाले इन गेम्स के शुभारंभ के लिए भारत सरकार को और सभी राज्यों को सादर आमंत्रित करता हूं कि वो इन आयोजन के भागीदार बनें और अपना मार्गदर्शन दें। ये गेम्स वास्तव में स्पोर्ट्स की एक्टिविटी को अपने युवाओं तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होंगे। यह बातें सीएम योगी ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लोगो, मैस्काट, मशाल, एंथम और जर्सी का अनावरण करते हुए कही। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी उपस्थित रहे। 

विज्ञापन


बदलते हुए भारत की धारणा को मजबूत कर रहा है खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स  
सीएम योगी ने भारत में खेलों के प्रति सोच में हुए परिवतर्न का जिक्र करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आप सबने पिछले 9 वर्ष के अंदर भारत को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देखा होगा। भारत के बारे में दुनिया की धारणा को बदलते हुए भी देखा है। भारत के प्रत्येक नागरिक के मन में एक नया विश्वास भी आपने महसूस किया होगा। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स भी उसी धारणा को बदलने और उस विश्वास का एक प्रतीक है। एक दशक पहले खेल और खिलाड़ियों के प्रति लोगों के मन में अच्छी धारणा नहीं होती थी। खेल को एक अनावश्यक कार्य माना जाता था, समय बर्बादी माना जाता था। आज इसके प्रति धारणा बदली है। परिवार के लोग मिलकर बच्चे को प्रोत्साहित करते हैं। भारतीय मनीषा ने तो हमेशा कहा कि शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्, यानी धर्म के जितने भी साधन हैं वो स्वस्थ शरीर से ही संभव हो सकते हैं और स्वस्थ शरीर उसी को प्राप्त होगा जो नियम और संयम से रहता होगा, अनुशासन में रहता होगा। स्वाभाविक रूप से खेल की इन गतिविधियों से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रह सकता है बल्कि समाज और राष्ट्र को सशक्त भी कर सकता है। खेलो इंडिया खेलो और फिट इंडिया मूवमेंट उसी श्रृंखला के हिस्से हैं। 
विज्ञापन


गांव से लेकर जनपद तक यूपी में मिल रहा खेलों को बढ़ावा
खेलों के प्रति उत्तर प्रदेश में बढ़ रही जागरूकता का हवाला देते हुए सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस तरह के कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया है। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन भी आज गांव से लेकर जनपद स्तर तक भव्य रूप से संपन्न हो रहे हैं। प्रत्येक जनपद स्तर पर भी खिलाड़ियों की लंबी टीम है। ग्रामीण क्षेत्र में महिला हो या पुरुष, बालक हों या बालिकाएं बड़े पैमाने पर इन कार्यक्रमों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अनुराग सिंह ठाकुर को धन्यवाद देते हुए कहा कि खेल मंत्रालय संभालने के बाद खेल के प्रति और एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में उनके मन में इस अभियान को गति देने का जो भाव था वो पिछले चार वर्ष के अंदर हमने देखा और महसूस किया है। उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री जी के इस विजन को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विज्ञापन
विज्ञापन


65 हजार युवा मंगल दल और महिला मंगल दल को उपलब्ध कराईं स्पोर्ट्स किट 
उत्तर प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहित करने के प्रदेश सरकार के प्रयासों के बारे में सीएम योगी ने कहा कि हमने अनेक कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं। उत्तर प्रदेश ने हर जनपद में एक स्टेडियम के निर्माण की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम की कार्यवाही प्रारंभ हुई है। 58 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान के निर्माण को एक नई गति मिली है। हर वार्ड हो या ग्राम पंचायत खेल के मैदान के साथ ग्राम पंचायत की निधि का उपयोग ओपन जिम के लिए किया जा रहा है। खिलाड़ी और खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए युवा कल्याण विभाग के द्वारा युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को प्रोत्साहित करने के एक बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। अब तक हम 65 हजार युवा मंगल दल और महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करा चुके हैं। कुल 85 हजार इनकी संख्या हैं और 20 हजार जो शेष बचे हैं उन्हें भी अगले वर्ष तक स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करा देंगे। सीएम ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए भी अनेक कार्यक्रम चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश अपनी पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेरठ में स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय के साथ ही मेरठ वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के उत्तर प्रदेश सरकार की विशेष कार्ययोजना का एक हिस्सा है। वहां स्पोर्ट्स के आइटम को प्रोत्साहित करने के लिए हमने अनेक कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं। 

यूपी के खिलाड़ियों ने स्टेज पर प्रदर्शित की केआईयूजी की जर्सी और मशाल 
इससे पहले सीएम और केंद्रीय खेल मंत्री ने सबसे पहले बटन दबाकर लोगो और एंथम को लॉन्च किया। इसके बाद जर्सी का अनावरण किया गया, जिसे उत्तर प्रदेश की हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया,दानिश मुज्तबा, बास्केटबाल प्लेयर विशेष भृगुवंशी और एथलीट अन्नू रानी ने स्टेज पर प्रदर्शित किया। इसके बाद मैस्काट 'जीतू' को लॉन्च किया गया,जो राज्य जीव बारासिंघा और राज्य पक्षी सारस का मिलाजुला स्वरूप है। यह शुभंकर प्रकृति के प्रति यूपी की अगाध श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। इस दौरान एथलीट सुधा सिंह,हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय, कुश्ती खिलाड़ी दिव्या काकरान, जूडो खिलाड़ी विजय कुमार यादव ने विशेष रूप से तैयार मशाल का प्रदर्शन किया। अंत में सीएम और केंद्रीय खेल मंत्री ने मशाल रिले को फ्लैग ऑफ किया। यह चार मशाल रिले पूरे प्रदेश का भ्रमण करके 25 मई को वापस लखनऊ लौटेंगी। 

यूपी के प्रत्येक जिले में होगा एक खेलो इंडिया सेंटरः अनुराग ठाकुर 
इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हमने खेलो इंडिया के 5 वर्ष पूर्ण किए हैं। जिस अभियान को पीएम मोदी ने शुरू किया था वो बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को तलाशने और उन्हें तराशने का काम किया जाता है। इन खेलों का सबसे बड़ा आयोजन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश में होने जा रहा है। जिस तरह सीएम योगी ने यहां खेलों को बढ़ावा दिया है, उम्मीद है कि आने वाले समय में दुनिया में कहीं भी कोई खिलाड़ी मेडल जीतेगा, पोडियम पर राष्ट्रगान बजेगा तो उसमें उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान होगा। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश सबसे अधिक मेडल लाने वाला प्रदेश होगा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी गेम्स में सबसे ज्यादा खेल और खिलाड़ी प्रतिभाग करने जा रहे हैं। यह दिखाता है कि उत्तर प्रदेश इस खेल का आयोजन करने में सक्षम है और देश भर के खिलाड़ी यहां आने को तैयार हैं। कभी यह प्रदेश दंगों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह प्रदेश दंगल के लिए जाना जाएगा। पहले यह प्रदेश गोलियों के लिए जाना जाता था, अब शूटिंग खेल के लिए जाना जाएगा। भारत सरकार पूरे देश में एक हजार खेलो इंडिया सेंटर बनाने जा रही है। निश्चित तौर पर 15 अगस्त 2023 से पहले उत्तर प्रदेश के एक-एक जिले में एक खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना होगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में हम एक बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करने जा रहे हैं। यह उत्तर प्रदेश के लिए बड़ा अवसर है और उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को और बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिलेगा।


अब आंदोलन खत्म करें पहलवान: अनुराग
केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लोगो, एंथम, जर्सी, शुभंकर और मशाल के अनावरण के मौके पर पत्रकारों से बातचीत की। दिल्ली में चल रहे पहलवानों के धरने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरा आग्रह है कि जंतर मंतर पर बैठे पहलवान अपना आंदोलन समाप्त कर दें। उनकी सभी मांगों को सरकार पूरा कर रही है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी अपना आदेश दे दिया है। अब पहलवान निष्पक्ष जांच को अपनी ओर से पूरा सहयोग करें और दिल्ली पुलिस को अपना काम करने दें। हमारी पूरी कोशिश होगी कि पहलवनों को न्याय मिले। कानून के दायरे में रहकर काम किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed