लखनऊ मेट्रो के बनने शुरू हुए स्टेशन, जानें कहां-कहां होगा निर्माण
मेट्रो के आठों स्टेशनों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक सभी स्टेशनों के लिए आरक्षित स्थानों पर निर्माण के साथ ही स्टेशनों के लिए एलीवेटेड ढांचा भी अब खड़ा किया जा रहा है। निर्माण को लेकर सबसे अधिक परेशानी चारबाग में सामने आ रही हैं।
यहां एक ओर तो बस अड्डा है और दूसरी ओर अतिक्रमण। साथ ही मेट्रो के निर्माण के लिए जो जगह घेरी गई है। ऐसे में पूरे दिन रेलवे स्टेशन आने-जाने वाली भीड़ की वजह से जबरदस्त जाम की स्थिति बनी रहती है।
ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग के बीच मेट्रो के आठ स्टेशन हैं। ये स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णा नगर, सिंगार नगर, आलमबाग, आलमबाग बस अड्डा, दुर्गापुरी, मवइया और चारबाग हैं। इन सभी स्टेशनों के लिए जितनी भी जमीन मिल गई है, उस पर निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा कान्कॉर लेवल पर भी काम शुरू हो गया। स्टेशनों के दो हिस्से होंगे। एक वायाडक्ट होगा, जो स्टेशनों से नीचे उतर कर आने का स्थान होगा।
यहां पर ही टिकटिंग होगी। जबकि, एक प्लेटफार्म का हिस्सा होगा, जहां यात्रियों को ट्रेन मिलेगी। वह स्टेशन के ऊपरी हिस्सों में होगी। ऐसे में आठ स्टेशनों में जितनी भी जमीन एलएमआरसी को मिल चुकी है वहां निर्माण का आगाज करा दिया गया है। सभी आठों स्टेशनों पर कुछ न कुछ काम जरूर शुरू कर दिया गया है जबकि, ऊपरी लेवल पर प्रत्येक स्टेशन पर काम का आगाज हो गया है।
चारबाग में नहीं काम कर रही व्यवस्था
पुलिस और एलएमआरसी की ओर से यातायात नियंत्रण को लेकर की गई व्यवस्था चारबाग में काम नहीं आ रही है। यहां मेट्रो के लिए बेरीकेडिंग, बस अड्डे से निकलने वाली बसों और रेल यात्रियों की जबरदस्त भीड़ के बाद वाहनों के निकलने के लिए मात्र 10 फीट ही जगह बची है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खासतौर पर शाम ढलने के बाद देर रात तक यहां बहुत अधिक भीड़ होती है। ऐसे में मवइया के आगे से चारबाग रेलवे आरक्षण चौराहा के पहले तक काफी जाम लगता है। लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं।
सिंगार नगर में स्टेशन के लिए नगर निगम की जो भूमि आवश्यक है, वहां पर अतिक्रमण है। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर आयुक्त को मुख्य सचिव आलोक रंजन की ओर से सख्त आदेश दिए गए हैं। नगर आयुक्त को कहा गया है कि, जल्द से जल्द वे सिंगार नगर स्टेशन के लिए जमीन खाली करवाएं।