लखनऊ मेट्रो के लिए खत्म होगा इंतजार: आज वीवीआईपी और कल से यात्री कर सकेंगे सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ भी आज से मेट्रो वाला हो जाएगा। मेट्रो के चलने के इंतजार की घड़ियां मंगलवार सुबह 11.30 बजे खत्म हो जाएंगी। शिक्षक दिवस के खास मौके पर राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी इसे हरी झंडी दिखाएंगे। यही नहीं वे मेट्रो के यात्री भी बनेंगे। हालांकि आमजन को मेट्रो के सफर के लिए बुधवार सुबह 6 बजे का इंतजार करना होगा।
लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) के एमडी कुमार केशव ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम ट्रांसपोर्टनगर मेट्रो स्टेशन पर होगा। सुबह 11.30 बजे सभी विशिष्ट अतिथि मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन पर ही पब्लिक से भी रूबरू होंगे। इस दौरान सभी अतिथि ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग तक मेट्रो में यात्रा भी करेंगे।
लखनऊ मेट्रो: 2000 करोड़ खर्च, रिकॉर्ड 1079 दिन में सफर को तैयार
- 2000 करोड़ रुपये अनुमानित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का प्राथमिकता सेक्शन पर खर्च
- 4,000 मजूदरों ने किया प्राथमिकता सेक्शन पर काम
- 1079 दिन में तैयार होकर चलने जा रही लखनऊ मेट्रो
- 50-50 फीसदी हिस्सेदारी एलएमआरसी में केंद्र व राज्य की
3 लाख रोजाना करेंगे सफर
- 4 कोच की ट्रेन में 1310 यात्रियों की क्षमता
- 3 लाख यात्री एक दिन में करेंगे यात्रा
- 8 मेट्रो स्टेशनों के बीच 8.5 किमी में चलेगी अभी ट्रेनें
- 5 ट्रेन से अभी होना कॉमर्शियल रन
- 7 मिनट के बाद आएगी अगली ट्रेन
खासियतें यह भी
- 90 किमी प्रतिघंटा के लिए तैयार
- 80 किमी प्रतिघंटा के लिए आरडीएसओ का स्पीड सर्टिफिकेट
- 34 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से होगा कॉमर्शियल रन
- 2.9 मीटर चौड़े हैं ट्रेन के कोच
- 16 सीसीटीवी कैमरों से ट्रेनों की होगी निगरानी
- 64 मोबाइल चार्जिंग पॉइंट ट्रेन में
अखिलेश ने किया ट्वीट-‘इंजन तो पहले ही चल दिया था, डिब्बे तो पीछे आने ही थे’
पूर्व सीएम अखिलेश ने लखनऊ मेट्रो रेल के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर चुटकी ली। उन्होंने ट्वीट किया- ‘इंजन तो पहले ही चल दिया था, डिब्बे तो पीछे आने ही थे।’ उन्होंने मेट्रो रेल शुभारंभ के पुराने फोटो भी पोस्ट किए।
उनके इस ट्वीट को 50 मिनट के भीतर पांच सौ से अधिक लोग री-ट्वीट कर चुके थे और डेढ़ हजार लाइक मिल चुके थे। इनके इस कमेंट पर जहां उनके समर्थक और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए, वहीं कई लोगों ने न्यूट्रल रहते हुए भी कमेंट किए जिनमें पूर्व सीएम अखिलेश को खुले दिल लखनऊ मेट्रो का श्रेय दिया गया और मौजूदा सरकार से प्रोजेक्ट के आगे के चरण तेजी से पूरे करने की अपेक्षा की गई।
वहीं पूर्व सीएम अखिलेश ने एक दिन पहले भी ट्वीट करके कहा था कि ‘लखनऊ मेट्रो रेल नागरिकों की जिंदगी को आसान बनाएगी, लोगों को श्रीधरनजी और उस टीम की याद दिलाएगी जिसने हमारे इस सपने को सच कर दिखाया, सबको धन्यवाद व बधाई।’