लखनऊ: विधानसभा गेट पर परिवार समेत पहुंचा युवक, पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप; लगाया ये आरोप
लखनऊ में विधानसभा के गेट नंबर-3 पर बहराइच के कैसरगंज निवासी चंदन ने पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचकर आत्मदाह की कोशिश की। उसका आरोप है कि सौतेली मां ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। वह आठ महीने से अधिकारियों से शिकायत कर रहा था, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
विस्तार
लखनऊ में विधानसभा के गेट नंबर-3 पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बहराइच के कैसरगंज निवासी चंदन ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ विधानसभा पहुंचा था। जमीन विवाद को लेकर न्याय न मिलने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों में अफरातफरी मच गई।
चंदन का आरोप है कि उसकी सौतेली मां ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। इस मामले में वह पिछले आठ महीने से अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। उसका दावा है कि कई स्तर पर शिकायत करने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
आठ महीने से लगा रहा अधिकारियों के चक्कर
पीड़ित का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर उसने लगातार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। सुनवाई न होने से परेशान होकर वह पत्नी और बच्चों के साथ विधानसभा के गेट तक पहुंच गया। यहां पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश से हड़कंप मच गया। इस घटना ने शिकायतों के निस्तारण और जमीन विवादों में पीड़ितों की सुनवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।