UP: आईएसआई हैंडलर को गोपनीय सूचनाएं देता था रवींद्र, फोन से जरूरी दस्तावेज मिले
ISI agent arrested: यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी एजेंट को जरूरी सूचनाएं देने वाले आर्डिनेंस फैक्टरी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। उसके फोन से संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपीएटीएस ने शुक्रवार को पाकिस्तानी एजेंट को गोपनीय सूचनाएं देने वाले फिरोजाबाद आर्डिनेंस फैक्टरी में कार्यरत युवक को गिरफ्तार किया है। एटीएस को उसके फोन से कुछ जरूरी दस्तावेज मिले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद की आर्डिेनेंस फैक्टरी में कार्यरत रवींद्र कुमार की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की हैंडलर नेहा शर्मा से हो गई। नेहा शर्मा ने रवींद्र को पहले तो बातों में उलझाया और फिर उससे जरूरी सूचनाएं मांगी और बदले में मालामाल कर देने का वादा किया।
रवींद्र का कहना है कि पहले तो वह डर गया और फिर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं नेहा शर्मा को देता रहा। वह अक्सर नेहा शर्मा से वाट्स एप चैट के जरिये बात करता था और उससे संवेदनशील सूचनाएं साझा करता था। रवींद्र मध्य प्रदेश के शिवपुरी का रहने वाला है। एटीएस को उसके फोन से कुछ जरूरी दस्तावेज मिले हैं।
एटीएस को रवींद्र के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम डेबिट कार्ड, 6220 रुपये की नकद धनराशि और फोन से गोपनीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। एक दस्तावेज 2025 की डेली प्रोडक्शन रिपोर्ट का है जिसमें ड्रोन से संबंधित एक गोपनीय प्रोजेक्ट से संबंधित डिटेल है। इसके साथ ही कई और गोपनीय दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में हुआ खुलासा, दे रहा था संवेदनशील जानकारियां
एडीजी यूपी एटीएस नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि यूपीएटीएस और उनकी सहयोगी एजेंसियों को जानकारी मिली कि रवींद्र कुमार नाम का एक व्यक्ति आईएसआई हैंडलर के साथ विभिन्न गोपनीय और संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा है। इस पर काम करते हुए आगरा यूनिट ने रवींद्र कुमार से प्रारंभिक पूछताछ की और उसे विस्तृत पूछताछ के लिए एटीएस मुख्यालय बुलाया गया, जहां यह साबित हुआ कि उसने नेहा नामक एक हैंडलर से बहुत संवेदनशील जानकारी साझा की। वह आईएसआई माड्यूलर के साथ लंबे समय से काम कर रहा था।
आईएसआई के हैंडलर ऐसे लोगों को फंसाते हैं और उनसे संवेदनशील जानकारियां हासिल करते हैं। जो कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। पूछताछ में सामने आया कि रवींद्र पाकिस्तानी हैंडलर से आर्डिनेंस फैक्टरी की दैनिक उत्पादन रिपोर्ट और स्टोर की रसीद, आपराधिक प्रचलन के अन्य दस्तावेज, आने वाला स्टॉक और मांग से संबंधित जानकारी साझा करता था।
लगातार आ रहे हैं ऐसे मामले
बीते दिनों से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पंजाब पुलिस को संयुक्त अभियान में छह मार्च को यूपी के कौशांबी जिले से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक सक्रिय आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आतंकवादी लाजर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के जर्मन-आधारित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी के लिए काम करता है और पाकिस्तान स्थित ISI के गुर्गों के साथ सीधे संपर्क में था। आतंकी लजर मसीह से पूछताछ में कई चौकाने वाले खुलासे हुए हैं। पता चला है कि आतंकी लजर की दिल्ली से प्रयागराज आ रही श्रद्धालुओं से भरी बस को उड़ाने की भी साजिश थी।
राम मंदिर को उड़ाने की थी साजिश
बीते दिनों ही फरीदाबाद के बांस रोड पाली से पकड़े गए अब्दुल रहमान (19) को लेकर बड़ा खुलासा हुआ था। आतंकी संगठन आईएसआईएस ने अब्दुल रहमान को अयोध्या राम मंदिर पर हमला करने के लिए तैयार किया था। आधिकारिक सूत्र ने बताया कि आतंकी संगठन आईएसआईएस की क्षेत्रीय शाखा इस्लामिक स्टेट -खुरासान प्रांत ने इस हमले की साजिश रची।
ब्रेनवॉश कर अब्दुल रहमान व अन्य को अयोध्या में मस्जिद की जगह बन रहे मंदिर को लेकर धार्मिक भावनाएं भड़काते हुए मंदिर पर हमले के लिए तैयार किया था। आईएसआईएस की ये शाखा पाकिस्तान और अफगानिस्तान में सक्रिय है।
यह भी पढ़ें: आतंकी लजर पर चौंकाने वाला खुलासा: दिल्ली से कुंभ आ रही बस को उड़ाने की थी साजिश, ऐन वक्त पर इसलिए बदला प्लान
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.