{"_id":"67d5a403ad4734f6e70a182a","slug":"lucknow-a-girl-was-gang-raped-police-of-two-police-stations-kept-delaying-the-case-due-to-border-dispute-th-2025-03-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ: युवती से हुआ सामूहिक दुष्कर्म, दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में मामले को रही टालती; एडीएम ने दी दखल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ: युवती से हुआ सामूहिक दुष्कर्म, दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में मामले को रही टालती; एडीएम ने दी दखल
Sun, 16 Mar 2025 09:02 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला, सिटी रिपोर्टर, लखनऊ
अमर उजाला, सिटी रिपोर्टर, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sun, 16 Mar 2025 09:02 AM IST
सार
Dalit girl raped in Lucknow: लखनऊ में एक मानसिक रूप से कमजोर दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामना आया है। हैरत की बात यह रही कि दो थानों की पुलिस इस मामले को टालती रही।
विज्ञापन
लखनऊ में सामूहिक रेपकांड।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखनऊ जिले के मोहनलालगंज इलाके में मानसिक रूप से कमजोर दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद भाग रहे एक आरोपी को ग्रामीण ने पकड़ किया जबकि उसका साथी भाग निकला। शिकायत मोहनलालगंज व गोसाईंगंज पुलिस से की गई तो दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। शनिवार को युवती के पिता ने मोहनलालगंज में आयोजित समाधान दिवस में एडीएम के सामने शिकायत की। एडीएम ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। बावजूद इसके मोहनलालगंज पुलिस ने फिर पीड़ित को गोसाईंगंज थाने भेज दिया। अंत में गोसाईंगंज थाने में केस दर्ज किया गया।
विज्ञापन
मोहनलालगंज के एक गांव में रहने वाली 19 वर्षीय युवती परिवार संग रहती है। उसके पिता के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बेटी सामान लेने दुकान जा रही थी। आरोप है कि चौकीदार रामफेर की शह पर संदीप यादव व उसके दोस्त ने उनकी बेटी को रोक लिया और उसका मुंह दबाकर कुछ दूरी पर हो रही प्लाॅटिंग के बीच सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी भागने तो ग्रामीणों ने संदीप को दबोच लिया। उसका साथी रामफेर के बेटे शंकर के साथ कार पर बैठकर भाग निकला।
विज्ञापन
घटना के बाद युवती के पिता ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित को मामले की शिकायत लेकर मोहनलालगंज की खुजौली चौकी पर भेजा। आरोप है कि मोहनलालगंज पुलिस ने घटनास्थल गोसाईंगंज का बताकर पीड़ित को जेल चौकी भेज दिया। जेल चौकी इंचार्ज पीड़िता को परिवार संग मौके पर लेकर पहुंचे और छानबीन के बाद घटनास्थल मोहनलालगंज का बताकर मोहनलालगंज थाने भेज दिया।
विज्ञापन
एडीएम के आदेश को भी मोहनलालगंज पुलिस ने नहीं माना
शनिवार को युवती के पिता बेटी को लेकर तहसील समाधान दिवस में पहुंचे। पिता ने एडीएम सप्लाई एवं आपूर्ति ज्योति गौतम को पूरी घटना बताई। एडीएम ने मोहनलालगंज पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बावजूद मोहनलालगंज पुलिस ने केस दर्ज करने के बजाय पीड़ित को फिर शिकायत लेकर गोसाईंगंज थाने भेज दिया। इसी बीच मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो तो डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने गोसाईंगंज पुलिस को फौरन केस दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद गोसाईंगंंज थाने में सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। डीसीपी ने बताया कि पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा। नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। केस दर्ज करने में अगर लापरवाही की गई है तो जांच की जाएगी।