पुलिस बोली, 'जो दुह ले जाए भैंस उसी की'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के गोसाईंगंज इलाके में भैंस चोरी का एक अनोखा किस्सा सामने आया है। हुआ दरअसल यूं कि एक व्यक्ति की भैंस चोरी हो गई थी। पुलिस ने चोरी गई भैंस भी ढूंढ निकाली, लेकिन दुविधा तब हुई जब एक ही भैंस के दो-दो दावेदार आ धमके।
दुविधा में पड़ी पुलिस ने भैंस को दोनों दावेदारों के घरों के बीच छोड़कर खुद ही मालिक चुनने का तरीका निकाला। लेकिन भैंस न इधर गई न उधर। मामला उलझने पर पुलिस अब दोनों दावेदारों से भैंस दुहाने की तैयारी कर रही है। सीओ मोहनलालगंज राकेश नायक का कहना है कि भैंस उसी को सौंपी जाएगी तो दुह लेगा।
मामला तीन दिन पुराना है। गोसाईंगंज निवासी रामकिशन की भैंस बुधवार दोपहर को गायब हो गई थी। रामकिशन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना पहुंचा। इस पर पुलिस ने पहले आसपास खोजबीन करने की बात कहकर टरका दिया।
काफी प्रयास के बावजूद भैंस न मिलने पर बृहस्पतिवार को रामकिशन फिर थाना पहुंचा। इस पर पुलिस ने तलाश शुरू की, आखिरकार चौबीस घंटे की मशक्कत के बाद भैंस मिल गई। लेकिन मामला यहां खत्म नहीं हुआ, बल्कि भैंस का एक और दावेदार थाने पहुंचने से और उलझ गया।
अगर दोनों ने दुह लिया तो क्या होगा
असमंजस में पड़ी सीओ राकेश नायक ने देसी तरीकों से असली मालिक का पता लगाने की तैयारी की और भैंस को रामकिशन और दूसरे दावेदार के घर के बीच छोड़ने के निर्देश दिए। उम्मीद थी कि रास्ता पहचान भैंस खुद ही अपने मालिक के घर पहुंच जाएगी।
लेकिन उलझन तब और बढ़ गई कि भैंस किसी के घर की तरफ नहीं गई। काफी देर इंतजार के बावजूद टस से मस न होते देख भैंस को वापस थाने लगा गया। अब गोसाईंगंज पुलिस भैंस को दुहाकर असल मालिक का पता लगाने की तैयारी है।
रविवार का दिन तय किया गया है। सीओ का कहना है कि जो मालिक होगा वहीं दुहान कर पाएगा। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि भैंस बहुत ही सीधी होती है और कोई भी उसे दुह सकता है। अगर दोनों ने दुह लिया तो फैसला कैसे होगा। सीओ का कहना है कि ऐसे में ग्रामीणों की मदद ली जाएगी।