बैंक के सामने दिनदहाड़े साढ़े 37 लाख की लूट, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर सशस्त्र बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े यूनियन बैंक के सामने बीड़ी कंपनी के मैनेजर व मुनीम से 37.5 लाख रुपए लूट लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने मुनीम को कट्टे की बट से मार कर घायल कर दिया। दो बाइक से आए चारों बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
शहजादपुर लोहामंडी स्थित एक बीड़ी कंपनी के कार्यालय से मैनेजर जितेंद्र पटेल दो मुनीमों नटवर पुत्र अंबाराम व नान्हू राम पुत्र बालाजी को जीप में साथ लेकर पहितीपुर चौराहे के पास यूनियन बैंक की शाखा के लिए निकले थे। गाड़ी ड्राइवर बंशीलाल पुत्र भगवानदास चला रहा था।
मुनीम की समझदारी से बच गया एक बैग
जीप में पीछे बैठे मुनीम नटवर भी बैग लेकर नीचे उतर चुके थे। बदमाशों ने उससे भी बैग छीनने की कोशिश की। उसने विरोध किया तो बंदूक की बट मारकर उसे घायल कर दिया और बैग छीन लिया।
इसके बाद चारों बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। उधर इसी आपाधापी के दौरान जीप से उतरे एक दूसरे मुनीम नान्हू राम ने मौके की गंभीरता को समझते हुए अपना बैग जीप में फेंक दिया। उस बैग में 4 लाख रुपये थे। मुनीम की समझदारी से ये रकम बच गई।
इसी बीच पहितीपुर चौराहे पर तैनात ट्रैफिक सिपाही शरद कुमार सिंह वहां पहुंचा, और 100 नंबर पर सूचना देने के साथ ही घायल मुनीम व अन्य को लेकर उसी जीप से जिला अस्पताल पहुंच गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से अफरा तफरी
अर्से बाद जिला मुख्यालय पर सोमवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। लूट की घटना को अंजाम देने के लिए सशस्त्र बदमाशों ने जिस तरह ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग की उससे घटना स्थल पहितीपुर चौराहे के आस पास क्षेत्र में भगदड़ मच गई।
पहले तो लोग कुछ समझ ही नहीं पाए, लेकिन बाद में असलियत सामने आते ही वे सब दहशत में आ गए। घटना का सबसे ज्यादा असर व्यापारियों पर दिखाई पड़ा।
जिला मुख्यालय पर सोमवार को सशस्त्र बदमाशों ने जहां लूट की घटना को अंजाम दिया, वह स्थल यूनियन बैंक के निकट है। पहितीपुर चौराहे पर स्थित इस बैंक के आसपास काफी भीड़ रहती है।
बावजूद इसके बदमाशों ने चौराहे के निकट स्थित बैंक के सामने से लूट की घटना को आसानी से अंजाम दे डाला।
पूरी तैयारी से आए थे बदमाश
विरोध करने पर एक मुनीम को असलहे की बट से घायल करने के बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ छह राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया, उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश शातिर व पेशेवर थे।
उन्होंने पुलिस के सामने आने की परिस्थिति को संभावित मानकर भी तैयारी की थी। ऐसा इसलिए क्योंकि बदमाशों ने घटना के बाद पहितीपुर चौराहे से होकर ही भागने के रास्ते को अपनाया।
घटना के बाद सबसे ज्यादा दहशत में व्यापारी वर्ग दिखा। व्यापारियों का कहना था कि यह घटना पुलिस प्रशासन के लिए निश्चिततौर पर एक बड़ी चुनौती है। व्यापारी नेता रमेश सेठ व जयराम संगवानी ने कहा कि पुलिस को जल्द से जल्द घटना को पर्दाफाश करना चाहिए।